Varanasi Flood : उत्तर प्रदेश के वाराणसी में इस समय मां गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जहां घाट पूरी तरह से जलमग्न हो चुके हैं। तो वहीं कई वार्ड और गांव भी बाढ़ से प्रभावित हो गए है। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए प्रशासन दिन-रात पूरी तरह अलर्ट दिखाई दे रहा है। पुलिस और प्रशासन ने बाढ़ ग्रस्त इलाके के लोगों का रेस्क्यू कर 16 राहत शिविरों में उन्हें सुरक्षित पहुंचा दिया है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव कार्य तेजी से किया जा रहा है। 34 नावें तैनात और एनडीआरएफ की टीम सक्रिय है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में आई बाढ़ की स्थिति के बारे में जानकारी ली। पीएम ने फोन पर वाराणसी के मेयर और कलेक्टर से बात कर शहर में बाढ़ से जुड़े हालात के बारे में पूछा और अधिकारियों को निर्देश भी दिए। 


पीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश

पीएम को अधिकारियों ने बाढ़ से जुड़ी जानकारी दी। पीएम मोदी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि यह सुनिश्चित करें की किसी भी नागरिक को परेशानियों को सामना न करना पड़े। लगातार बारिश के बीच गंगा का जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। पीएम ने जिला मजिस्ट्रेट से नदी के जलस्तर और बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत शिविरों में किए जा रहे इंतजामों के बारे में विस्तृत जानकारी ली। पीएम ने जिला प्रशासन को बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत और सुरक्षा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही राहत सामग्री को लोगों तक समय पर पहुंचाने के लिए भी कहा गया है। केंद्रीय जल आयोग ने गुरुवार सुबह 6 बजे नदी का जलस्तर 70.54 मीटर दर्ज किया। जो खतरे के निशान से 70.262 मीटर से ज्यादा है। जलस्तर में 2 सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से वृद्धि हो रही थी।

अधिकारियों ने लिया जायजा

जिला प्रशासन गंगा और वरुणा नदियों के बढ़ते जलस्तर से प्रभावित क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी रख रहा है। मंगलवार को जिला मजिस्ट्रेट सत्येंद्र कुमार और वाराणसी पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने नमो घाट से एनडीआरएफ की नाव से यात्रा करके बाढ़ प्रभावित कई क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जलभराव और निवासियों की स्थिति का जायजा लेने के लिए सालारपुर, सरैया, कोनिया, पुल कोहना, धेलवारिया और सराय मोहना का दौरा किया। उन्होंने प्रभावित लोगों से बातचीत भी की और उन्हें हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

 
यह भी पढ़ें: ऑपरेशन सिंदूर के नायक जितेंद्र मिश्रा बने Ram Mandir के CEO, बोले-'प्रभु श्रीराम मुझे इस कार्य की शक्ति दें'