Ghaziabad News: उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव 2027 को लेकर सभी पार्टियां पूरे जोश में दिखाई दे रही है। बीजेपी की तरफ से लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा की शुरूआत कर दी गई है। इसी कड़ी में यूपी के सीएम योगी आज गाजियाबाद में चुनावी हुंकार भरने पहुंचे हैं। आम जनता के बीच लोकतंत्र बचाओ अराजकता हटाओ पदयात्रा में आज सीएम योगी ने हिस्सा लिया। सीएम ने पदयात्रा शुरू होने से पहले जनता को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि, आपने पिछले कुछ समय से कांग्रेस की अराजकता को देखा होगा।

कटघरे में खड़ा करना कांग्रेस की प्रवृती

कैसे वो अपने स्वार्थ के लिए दुनिया के सबसे प्राचीन और सबसे बड़े लोकतंत्र को ही अविश्वसनीय बनाने की कुत्सित चेष्टा कर रही है। ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। भारत के संवैधानिक संस्थाओं के प्रति अपमानजनक टिप्पणी करना, उन्हें कटघरे में खड़ा करना कांग्रेस की प्रवृती बन चुकी है। आश्चर्य होता है कि देश के संवैधानिक संस्थाओं पर अनर्गल टिप्पणी करके, लोकतंत्र के प्रति अनास्था व्यक्त करके कांग्रेस भारत के स्वाधीनता संग्राम सेनानियों की विरासत को अपमानित करने का पाप कर रही है।

यह वही कांग्रेस है जिसने आपातकाल लागू किया

सीएम ने भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' पदयात्रा से पहले जनसभा में आपातकाल को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, लोकतंत्र के बारे में आज कांग्रेस हमें उपदेश दे रही है। ये वही कांग्रेस है जिसने 1975 में देश में आपातकाल लागू किया था। देश के अंदर आपातकाल के मंसूबों के साथ चलने वाली कांग्रेस जब आज लोकतंत्र पर उपदेश देती है। तो यह बड़ी हास्यास्पद स्थिति सी उनके सामने खड़ी करती है।

दिल्ली में प्रदर्शन के पीछे क्या कारण?

आज कांग्रेस और उसके सहयोगी दल के दिल्ली में प्रदर्शन के पीछे कारण क्या है? एक ही कारण है क्योंकि पीएम मोदी के नेतृत्व में नए भारत ने पहचान बनाई है, विरासत और विकास की यात्रा को शानदार तरीके से आगे बढ़ाने का काम किया है। कांग्रेस और उसके सहयोगी दल सिर्फ कटघरे में खड़ा करके रुकावट बनना चाहते हैं।

 

यह भी पढ़ें: ViratKohli का आज 38वां जन्मदिन: Delhi की गलियों से निकलकर कैसे बनाए 10 ऐतिहासिक रिकॉर्ड?