मुंबई: मुंबई और कोंकण के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए गुरुवार को एक नई दैनिक एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू की गई। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) से सावंतवाड़ी रोड के बीच चलने वाली नई ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। करीब 510 किलोमीटर लंबे इस रेल मार्ग से मुंबई को रायगढ़, रत्नागिरी और सिंधुदुर्ग समेत कोंकण के कई प्रमुख इलाकों से सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी। गणेश उत्सव से पहले शुरू हुई इस ट्रेन को मुंबई और कोंकण के बीच सफर करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है।

गणेश उत्सव में यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि मुंबई और कोंकण के लोगों की लंबे समय से इस ट्रेन की मांग थी। उन्होंने बताया कि त्योहार के दौरान यात्रियों की सुविधा के लिए इस साल 350 स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। जरूरत पड़ने पर इनकी संख्या बढ़ाकर 370 तक की जा सकती है। पीयूष गोयल ने कहा कि CSMT-सावंतवाड़ी रोड के बीच नई दैनिक ट्रेन शुरू होना महाराष्ट्र के लोगों, खासकर कोंकण क्षेत्र के लिए खुशी का अवसर है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक नई ट्रेन की शुरुआत नहीं, बल्कि कोंकण के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

युवाओं को रोजगार और कारोबार को मिलेगा बढ़ावा
गोयल ने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी से मुंबई और कोंकण के बीच लाखों परिवारों का संपर्क मजबूत होगा। कोंकण से मुंबई में पढ़ने और काम करने वाले लोगों के लिए अपने घर आना-जाना आसान होगा। साथ ही मुंबई की बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं तक कोंकण के लोगों की पहुंच भी बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि माल ढुलाई बढ़ने से मछुआरों और स्थानीय उत्पादकों को अपना सामान मुंबई तक तेजी से पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे कोंकण में रोजगार के अवसर बढ़ सकते हैं और युवाओं को काम की तलाश में दूसरे शहरों की ओर पलायन करने की जरूरत कम होगी।

रात में मुंबई से चलेगी ट्रेन, सुबह वापसी
नई ट्रेन ट्रेन नंबर 15087 CSMT-सावंतवाड़ी रोड एक्सप्रेस के रूप में रोजाना चलेगी। यह CSMT से रात 11:55 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 2:15 बजे सावंतवाड़ी रोड पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन नंबर 15088 सावंतवाड़ी रोड-CSMT एक्सप्रेस शाम 5:20 बजे सावंतवाड़ी रोड से चलेगी और अगले दिन सुबह 6:40 बजे CSMT पहुंचेगी। यानी यात्रियों को मुंबई से कोंकण के लिए रात में सफर करने और सुबह मुंबई लौटने की सुविधा मिलेगी।

इन प्रमुख स्टेशनों पर होगा ठहराव
ट्रेन का ठहराव दादर, ठाणे, पनवेल, पेन, रोहा, माणगांव, वीर, खेड़, चिपलून, सावर्डा, अरावली रोड, संगमेश्वर रोड, रत्नागिरी, अडावली, विलावडे, राजापुर रोड, वैभववाड़ी रोड, नंदगांव, कणकवली, सिंधुदुर्ग, कुडाल और सावंतवाड़ी रोड समेत कई स्टेशनों पर होगा। LHB रेक से संचालित होने वाली इस ट्रेन से यात्रियों को आधुनिक और आरामदायक कोच की सुविधा भी मिलेगी।

कोंकण पर्यटन को भी मिलेगा फायदा
नई रेल सेवा से रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, कणकवली, कुडाल और सावंतवाड़ी जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच आसान होगी। इससे पर्यटन कारोबार को बढ़ावा मिलने और स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की उम्मीद है। त्योहारों, छुट्टियों और पर्यटन सीजन में मुंबई-कोंकण रूट पर बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को संभालने में भी यह ट्रेन मददगार होगी।

मुंबई लोकल के लिए 18 हजार करोड़ के काम
अश्विनी वैष्णव ने मुंबई के उपनगरीय रेलवे नेटवर्क को लेकर भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। उन्होंने कहा कि मुंबई में करीब 18 हजार करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न रेलवे परियोजनाओं पर काम चल रहा है। 12 कोच वाली लोकल ट्रेनों के लिए बने प्लेटफॉर्म को 15 कोच वाली ट्रेनों के अनुरूप बढ़ाया जा रहा है। इसके साथ ही आधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम लगाया जा रहा है। मुंबई की जरूरतों को पूरा करने के लिए 238 नई AC लोकल रेक स्वीकृत की गई हैं। पहली AC लोकल की डिलीवरी 2027 से शुरू होने की उम्मीद है।

मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन और फ्रेट कॉरिडोर पर भी अपडेट
रेल मंत्री ने बताया कि ईस्टर्न और वेस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर अब 100 फीसदी पूरे हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि बजट में घोषित नए ईस्ट-वेस्ट डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर को दानकुनी से सूरत के बीच विकसित करने की योजना है, जिससे विदर्भ, मराठवाड़ा और पश्चिमी महाराष्ट्र के कई हिस्सों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिल सकेगी। वहीं, मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल परियोजना का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। इसके तहत BKC और ठाणे के बीच अंडरसी रेल टनल पर काम जारी है। दो टनल बोरिंग मशीनें विक्रोली और घनसोली की ओर से सुरंग निर्माण में जुटी हैं।

महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर, महाराष्ट्र के बंदरगाह, विकास एवं मत्स्य विभाग के मंत्री नितेश राणे और मुंबई की मेयर रितु तावड़े समेत कई गणमान्य लोग कार्यक्रम में मौजूद रहे। 

और पढ़ें: 

बलिया-मऊ फोरलेन से बदलेगी 73 गांवों की तस्वीर, ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा हाईवे; जाम से मिलेगी बड़ी राहत