RJD नेता तेजस्वी यादव ने शनिवार को केंद्र सरकार से बिहार में बाढ़ प्रभावित परिवारों के लिए विशेष वित्तीय पैकेज देने की मांग की। यादव ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बिहार के साथ भेदभाव कर रही है और राज्य के बाढ़ पीड़ितों को पर्याप्त सहायता नहीं मिल रही है।
केंद्र और राज्य सरकार पर तेजस्वी यादव ने कसा तंज
मीडिया से बातचीत के दौरान तेजस्वी यादव ने केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि बिहार का सरकारी खजाना खाली हो चुका है और बाढ़ प्रभावित लोगों को जरूरी बुनियादी सुविधाएं तक उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। आगे कहा कि सरकार को बाढ़ पीड़ितों के लिए एक स्पेशल पैकेज देना चाहिए। केंद्र सरकार बिहार के साथ भेदभाव कर रही है। बिहार का सरकारी खजाना खाली है। उन्होंने यह भी कहा कि वह लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं और वहां लोगों को पर्याप्त सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
गंगा का जलस्तर कई जगह घटा, लेकिन हालात गंभीर
तेजस्वी यादव की यह टिप्पणी बिहार और उत्तर प्रदेश में गंगा के बढ़ते जलस्तर से बनी बाढ़ जैसी स्थिति के बीच आई है। हालांकि, बिहार जल संसाधन विभाग के आंकड़ों के मुताबिक शनिवार को राज्य के अधिकतर मॉनिटरिंग स्टेशनों पर नदियों के जलस्तर में कमी दर्ज की गई।
गंगा का जलस्तर इलाहाबाद में 0.43, वाराणसी में 0.22, बक्सर में 0.02, दीघाघाट में 0.15, गांधीघाट में 0.06, हाथीदह में 0.09, सुल्तानगंज में 0.14 और भागलपुर में 0.12 मीटर घटा। पुनपुन नदी का जलस्तर फतेहपुर में 0.19 और श्रीपालपुर में 0.27 मीटर कम हुआ। सोन नदी का स्तर मनेर में 0.03 मीटर नीचे आया। सुबह 6 बजे के अपडेट में केवल कोइलवर में सोन नदी का जलस्तर 0.01 मीटर बढ़ा।
NH-80 डूबा, आवाजाही प्रभावित
जलस्तर में कमी के बावजूद कई बाढ़ प्रभावित इलाकों में जमीनी स्थिति अब भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। भागलपुर में उफनती गंगा का पानी NH-80 के चार लेन वाले हिस्से पर पहुंच गया, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन ने दोनों ओर बैरिकेड लगाकर सड़क को बंद कर दिया। बाढ़ के कारण कई क्षेत्रों में आवागमन बाधित है और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है। प्रशासन लगातार जलस्तर और स्थानीय परिस्थितियों की निगरानी कर रहा है।
ये भी पढ़ें: Ganesh Chaturthi 2026: खैरताबाद में 69 फुट के गणपति तैयार, गवर्नर को मिला पहला पूजन का न्योता
भागलपुर में पांच लोगों की मौत
बाढ़ से राज्य में पहले ही कई लोगों की जान जा चुकी है। अधिकारियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार को भागलपुर जिले के कोयली खुटाहा गांव में पानी से भरे गड्ढों में गिरने से चार बच्चों समेत पांच लोगों की डूबने से मौत हो गई। घटना ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा और राहत व्यवस्था को लेकर चिंता और बढ़ा दी है।