AISSEE 2027 Admission 2027: अगर आप अपने बच्चे का दाखिला सैनिक स्कूल में कराना चाहते हैं, तो आपके लिए बड़ी खबर है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए ऑल इंडिया सैनिक स्कूल एंट्रेंस एग्जामिनेशन (AISSEE 2027) की आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके तहत देश के 33 मौजूदा सैनिक स्कूलों और रक्षा मंत्रालय से अनुमोदित नए सैनिक स्कूलों में कक्षा 6 और 9 में प्रवेश मिलेगा। इच्छुक अभिभावक एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।

आवेदन की महत्वपूर्ण तारीखें

एनटीए के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, आवेदन प्रक्रिया 3 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। बिना लेट फीस आवेदन करने की अंतिम तारीख 2 दिसंबर 2026 रात 11:50 बजे है। इसके बाद 3 से 6 दिसंबर तक 500 रुपये की लेट फीस के साथ आवेदन किया जा सकेगा। आवेदन फॉर्म में सुधार के लिए 7 से 9 दिसंबर तक करेक्शन विंडो खुलेगी। परीक्षा शहर की जानकारी 11 जनवरी 2027 को जारी होगी। वहीं, एडमिट कार्ड 25 जनवरी से जारी होने की संभावना है। प्रवेश परीक्षा 31 जनवरी 2027 को आयोजित होगी।

कक्षा 6 और 9 के लिए आयु सीमा और योग्यता

कक्षा 6 में प्रवेश के लिए छात्र का जन्म 1 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 के बीच होना चाहिए। इसके साथ ही पांचवीं कक्षा में पढ़ाई कर रहा हो या उसे पास कर चुका हो। वहीं, कक्षा 9 में दाखिले के लिए उम्मीदवार की जन्मतिथि 1 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 के बीच होनी चाहिए। प्रवेश के समय आठवीं कक्षा पास होना अनिवार्य है। आयु की गणना 31 मार्च 2027 के आधार पर होगी।

आवेदन शुल्क और नए सैनिक स्कूलों में सीटों का नियम

जनरल, ओबीसी-एनसीएल, डिफेंस और एक्स-सर्विसमैन वर्ग के उम्मीदवारों को 850 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। एससी और एसटी उम्मीदवारों के लिए फीस 700 रुपये है। निर्धारित समय के बाद आवेदन करने पर 500 रुपये अतिरिक्त लेट फीस लगेगी। नए सैनिक स्कूलों में कैटेगरी A के तहत 40 प्रतिशत सीटें ऑल इंडिया मेरिट के आधार पर भरी जाएंगी। वहीं, कैटेगरी B में 60 प्रतिशत सीटें उसी स्कूल में पहले से पढ़ रहे विद्यार्थियों के लिए आरक्षित होंगी। खाली सीटें कैटेगरी A के तहत भरी जा सकती हैं।

क्या होगा परीक्षा का पैटर्न?

कक्षा 6 की प्रवेश परीक्षा पेन-पेपर मोड में होगी, जिसमें 125 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा 13 क्षेत्रीय भाषाओं में आयोजित होगी। कक्षा 9 की परीक्षा 180 मिनट की होगी और इसमें 150 सवाल होंगे। यह परीक्षा केवल अंग्रेजी माध्यम में होगी।

ऐसे करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन

आवेदन के लिए एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर Candidate Activity सेक्शन में AISSEE 2027 लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद जरूरी जानकारी भरकर आवेदन फॉर्म पूरा करें। निर्धारित शुल्क का ऑनलाइन भुगतान करें और अंत में भरे हुए आवेदन फॉर्म का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।

ये भी पढ़ें: सरकारी नौकरी का सुनहरा मौका! UGC में निकली बंपर भर्ती, जानें कैसे करें आवेदन?