जन सुराज पार्टी के संस्थापक और बांकीपुर से विधायक प्रशांत किशोर ने बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के ‘बेचारा’ वाले बयान पर तीखा पलटवार किया है। प्रशांत किशोर ने कहा 'सम्राट चौधरी ने मुझे बेचारा कहा, उनकी बात तो बिल्कुल सही है। मैं तो बेचारा हूं ही, मेरे पास बिहार छोड़कर जाने का चारा नहीं है। मुख्यमंत्री ने ठीक कहा है। मैं राज्य को बेहतर बनाने के लिए काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।' उन्होंने कहा कि बिहार को बदलने के लक्ष्य के सामने वह पीछे हटने वाले नहीं हैं।
‘बेचारा’ शब्द का मतलब समझाते हुए सम्राट चौधरी पर निशाना
प्रशांत किशोर ने ‘बेचारा’ शब्द की व्याख्या करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर भी हमला बोला, उन्होंने कहा कि शायद मुख्यमंत्री को इस शब्द का वास्तविक अर्थ किसी ने नहीं बताया है। उनके अनुसार, ‘बेचारा’ का शाब्दिक अर्थ उस व्यक्ति से है जिसके पास कोई चारा या विकल्प नहीं होता। प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार को सुधारने का संकल्प उनके लिए सबसे ऊपर है, उन्होंने आरोप लगाया कि वह बिहार को सम्राट चौधरी जैसे ‘अनपढ़ अपराधी’ के भरोसे छोड़कर बाहर नहीं जा सकते। इसी वजह से, उनके शब्दों में, वह मुख्यमंत्री के बताए अर्थ में ‘बेचारा’ ही हैं।
पॉडकास्ट में सम्राट चौधरी ने क्या कहा था?
दरअसल, बिहार विधानसभा चुनाव के बाद से ही प्रशांत किशोर लगातार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर बयान देते रहे हैं। इसी मुद्दे पर एक पॉडकास्ट के दौरान जब मुख्यमंत्री से प्रशांत किशोर के हमलों को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि उनकी किसी के साथ व्यक्तिगत दुश्मनी नहीं है। सम्राट चौधरी ने कहा कि उनका स्वभाव किसी से लड़ने का नहीं है और वह बिहार के लिए काम करने के उद्देश्य से राजनीति में हैं, उन्होंने यह भी कहा कि अगर कोई उनके खिलाफ सुप्रीम कोर्ट तक जाना चाहता है तो उसे ऐसा करने की पूरी स्वतंत्रता है।
#WATCH सहरसा। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की टिप्पणी पर जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कहा, "सम्राट चौधरी ने मुझे बेचारा कहा। उनकी बात तो बिल्कुल सही है। मैं तो बेचारा हूं ही। मेरे पास बिहार छोड़कर जाने का चारा नहीं है। मुख्यमंत्री जी ने ठीक कहा है। उनको किसी… pic.twitter.com/q5w9G0GY7y
— ANI_HindiNews (@AHindinews) September 10, 2026
मुख्यमंत्री ने प्रशांत किशोर को कहा था बेचारा
संविधान हर नागरिक को अदालत का दरवाजा खटखटाने का अधिकार देता है और उन्हें इसमें कोई परेशानी नहीं है। इसी बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रशांत किशोर को ‘बेचारा’ बताते हुए कहा था कि उन्हें जो करना है, करने दिया जाए। इसके बाद प्रशांत किशोर ने अपने अंदाज में मुख्यमंत्री के बयान का जवाब दिया और ‘बेचारा’ शब्द को ही अपने पलटवार का आधार बना लिया।
ये भी पढ़ें- BRICS समिट के लिए भारत पहुंचे पुतिन, मोदी-शी जिनपिंग मुलाकात पर दुनिया की नजर