Pawan Khera: भाजपा की गोवा इकाई की एक सोशल मीडिया पोस्ट, जिसमें ISRO के EOS-05 सैटेलाइट के सफल प्रक्षेपण का जश्न मनाया गया था, अब राजनीतिक विवाद का केंद्र बन गई है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने पोस्ट में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के साथ राष्ट्रीय प्रतीक (National Emblem) के इस्तेमाल पर कड़ी आपत्ति जताई और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
राष्ट्रीय प्रतीक के इस्तेमाल पर उठाए सवाल
पवन खेड़ा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया देते हुए आरोप लगाया कि पोस्ट में प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर के नीचे भारत के राष्ट्रीय प्रतीक की एक 'छोटी, छिपी हुई' तस्वीर दिखाई गई है। उन्होंने इसे राष्ट्रीय प्रतीक का अपमान बताते हुए कहा कि देश का राष्ट्रीय निशान किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल से ऊपर है।
Placing a minimised, camouflaged image of our national emblem at the feet of a compromised and increasingly unpopular PM is an insult to our national symbol.
— Pawan Khera 🇮🇳 ಪವನ್ ಖೇರಾ (@Pawankhera) September 6, 2026
No individual is above the emblem. This act by BJP Goa deserves to be widely condemned - including by those within the… pic.twitter.com/nZbwjt0ypT
खेड़ा ने लिखा कि 'कोई भी व्यक्ति एम्बलम से ऊपर नहीं' और इस तरह के इस्तेमाल की पूरी तरह निंदा की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि राष्ट्रीय प्रतीक भारत गणराज्य का प्रतिनिधित्व करता है, न कि किसी राजनीतिक पार्टी या व्यक्ति की राजनीतिक स्थिति का।
'भारत स्पेसमैक्सिंग' ग्राफिक पर विवाद
यह विवाद BJP गोवा की उस पोस्ट के बाद सामने आया, जिसमें EOS-05 के सफल लॉन्च को भारत की अंतरिक्ष उपलब्धि के रूप में पेश किया गया था। पोस्ट में लिखा गया था कि EOS-05 के ऑर्बिट में पहुंचने से भारत की अंतरिक्ष से निगरानी क्षमता मजबूत होगी। इसके साथ 'भारत स्पेसमैक्सिंग' थीम वाला एक ग्राफिक साझा किया गया था। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रॉकेट लॉन्च से पहले ध्यान करते हुए तस्वीर दिखाई गई और उनके नीचे राष्ट्रीय प्रतीक की छोटी तस्वीर नजर आई। इसी डिजाइन को लेकर कांग्रेस ने सवाल उठाए हैं।
EOS-05 मिशन भारत के लिए अहम
EOS-05 का प्रक्षेपण श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन स्पेस सेंटर के दूसरे लॉन्च पैड से GSLV-F17 रॉकेट के जरिए किया गया। मिशन का उद्देश्य अर्थ ऑब्जर्वेशन सैटेलाइट को जियोसिंक्रोनस ऑर्बिट में स्थापित करना था। EOS-05 को पृथ्वी के बड़े हिस्सों की बार-बार निगरानी के लिए डिजाइन किया गया है। इससे मौसम, कृषि और अन्य क्षेत्रों के लिए उपयोगी डेटा मिलने की उम्मीद है। लॉन्च को देखने के लिए बड़ी संख्या में छात्र, शिक्षक और अंतरिक्ष प्रेमी भी श्रीहरिकोटा पहुंचे थे। बारिश के बावजूद लोगों में मिशन को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
ये भी पढ़ें: Captain India First Look: 'कैप्टन इंडिया' में कार्तिक आर्यन का नया अवतार! FIRST LOOK OUT, फैंस हुए एक्साइटेड
इस बीच, राष्ट्रीय प्रतीक के कथित इस्तेमाल को लेकर उठे सवालों ने एक वैज्ञानिक उपलब्धि को राजनीतिक बहस में बदल दिया है। कांग्रेस ने जहां इसे राष्ट्रीय प्रतीक की गरिमा से जुड़ा मुद्दा बताया है, वहीं विवाद का केंद्र BJP की सोशल मीडिया प्रस्तुति और उसमें इस्तेमाल किए गए ग्राफिक पर है।