Captain India First Look: बॉलीवुड अभिनेता कार्तिक आर्यन अपने प्रोजेक्ट 'कैप्टन इंडिया' की शूटिंग शुरू करने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। फिल्म के फ्लोर पर जाने से पहले अभिनेता ने सोशल मीडिया पर इसका पहला लुक शेयर किया, जिसमें वह पायलट की यूनिफॉर्म में नजर आ रहे हैं। कार्तिक के इस लुक ने फिल्म को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
'मैवरिक के साथ उड़ान भरने के लिए तैयार'
कार्तिक आर्यन ने इंस्टाग्राम पर अपनी तस्वीर साझा करते हुए लिखा, 'Maverick के साथ उड़ान भरने के लिए तैयार #ShimitAmin #CaptainIndia।' तस्वीर में उनका लुक काफी गंभीर और दमदार दिखाई दे रहा है। पोस्ट के साथ उन्होंने निर्देशक शिमित अमीन का एक भावुक संदेश भी साझा किया, जिसमें निर्देशक ने पूरी टीम की मेहनत और जज्बे की तारीफ की।
शिमित अमीन ने टीम का बढ़ाया हौसला
शिमित अमीन ने अपने बयान में फिल्म के सफर की शुरुआत पर खुशी जाहिर करते हुए टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों में टीम के सदस्यों ने कई बड़ी चुनौतियों का सामना किया, लेकिन किसी ने हार नहीं मानी। निर्देशक के मुताबिक, पूरी टीम के भीतर एक बेहतरीन फिल्म बनाने की मजबूत इच्छा है और यही ऊर्जा उन्हें मुश्किल दौर से आगे बढ़ने की प्रेरणा देती है।
अमीन ने अपनी टीम को दुनिया की 'बेस्ट' टीम बताते हुए हर सदस्य पर गर्व जताया और सभी को फिल्म के लिए शुभकामनाएं दीं। उनका यह संदेश फिल्म की शुरुआत से पहले टीम के उत्साह को दर्शाता है।
लंदन में होगी फिल्म की शूटिंग
रिपोर्ट के मुताबिक, 'कैप्टन इंडिया' की शूटिंग लंदन में शुरू होने वाली है और अक्टूबर के अंत तक इसके पूरा होने की उम्मीद है। फिल्म का निर्देशन शिमित अमीन कर रहे हैं, जो चक दे! इंडिया जैसी चर्चित फिल्म के निर्देशन के लिए जाने जाते हैं।
ये भी पढ़ें: न प्रशासन का इंतजार, न अभियान का सहारा! 20 साल के लड़के ने अकेले बदल दी नदी की तस्वीर
बड़े प्रोडक्शन बैनर जुड़े
फिल्म का निर्माण 'टी-सीरीज के भूषण कुमार', बावेजा स्टूडियोज और डोपामाइन स्टूडियोज के सहयोग से किया जाएगा। एसबी फिल्म्स प्रोडक्शन संभालेगी। कार्तिक आर्यन का पायलट अवतार और शिमित अमीन का निर्देशन इस प्रोजेक्ट को लेकर खास उम्मीदें पैदा कर रहे हैं। अब दर्शकों की नजर फिल्म की शूटिंग और आगे सामने आने वाले लुक्स पर है।