Noida Bhangel Elevated Road: नोएडा में भंगेल एलिवेटेड रोड से गुजरने वाले वाहनों के शोर से आसपास रहने वाले लोगों को जल्द राहत मिलने वाली है। नोएडा प्राधिकरण ने अगाहपुर से सेक्टर-82 तक करीब 5.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड के दोनों तरफ नॉइज बैरियर लगाने की योजना तैयार की है। इस परियोजना पर करीब 18.81 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए जारी टेंडर में पांच कंपनियों ने हिस्सा लिया है। फिलहाल कंपनियों के दस्तावेजों की जांच की जा रही है।

प्राधिकरण के मुताबिक, टेंडर प्रक्रिया पूरी होने और चयनित कंपनी को काम का अवार्ड मिलने के बाद नॉइज बैरियर लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। एजेंसी को परियोजना पूरी करने के लिए करीब 2 महीने का समय दिया जाएगा।

5.5 किलोमीटर तक दोनों तरफ लगाए जाएंगे बैरियर

भंगेल एलिवेटेड रोड अगाहपुर, सेक्टर-40, 49, 48, 107, बरौला और भंगेल गांव की आबादी के बीच से गुजरता है। एलिवेटेड रोड शुरू होने के बाद इस मार्ग पर यातायात का दबाव लगातार बढ़ा है। दिनभर बड़ी संख्या में वाहनों के गुजरने के कारण आसपास रहने वाले लोगों को लगातार ट्रैफिक शोर का सामना करना पड़ता है।

इसी समस्या को देखते हुए प्राधिकरण ने एलिवेटेड रोड के दोनों तरफ साउंड बैरियर लगाने का फैसला किया है। इन बैरियर का उद्देश्य वाहनों से निकलने वाली आवाज को सीधे आसपास की रिहायशी आबादी तक पहुंचने से रोकना है।

करीब 6 फीट ऊंचे होंगे नॉइज बैरियर

अधिकारियों के अनुसार, एलिवेटेड रोड पर लगाए जाने वाले नॉइज बैरियर की ऊंचाई करीब छह फीट होगी। इनके निर्माण में इंडियन रोड कांग्रेस के निर्धारित मानकों को ध्यान में रखा जाएगा। प्राधिकरण का कहना है कि बैरियर हाईवे और रिहायशी इलाकों के बीच ध्वनि अवरोधक की तरह काम करेंगे।

वर्क सर्किल-8 के वरिष्ठ प्रबंधक रोहित कुमार के अनुसार, नॉइज बैरियर की क्षमता शोर के प्रभाव को 50 डेसीबल तक कम करने की है। इससे सड़क के आसपास रहने वाले लोगों को वाहनों की लगातार आवाज से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।

सेक्टर-42 से 110 तक के इलाकों को फायदा

नॉइज बैरियर लगने के बाद सेक्टर-42, 48, 49, 47, 110 और 107 समेत आसपास के इलाकों में रहने वाले हजारों परिवारों को फायदा मिलने की उम्मीद है। प्राधिकरण का मानना है कि परियोजना पूरी होने से भंगेल एलिवेटेड रोड यातायात को सुगम बनाने के साथ-साथ आसपास के रिहायशी क्षेत्रों में ध्वनि प्रदूषण कम करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।

 ये भी पढ़ें: 'आत्मसम्मान बचा है तो...' उमर अब्दुल्ला को BJP की खुली चुनौती!