Delhi News: जम्मू-कश्मीर में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में AIIMS अवंतिपोरा परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा ने गुरुवार को संस्थान के निर्माण और संचालन की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों और एजेंसियों को शेष निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में OPD सेवाएं शुरू करने के लिए जरूरी चिकित्सा उपकरणों और अन्य सुविधाओं की खरीद प्रक्रिया तेज करने को कहा।

स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, समीक्षा बैठक में जेपी नड्डा ने संस्थान के बुनियादी ढांचे, चिकित्सा उपकरणों और फर्नीचर की खरीद, डॉक्टरों एवं अन्य कर्मचारियों की भर्ती तथा मेडिकल और शैक्षणिक गतिविधियां शुरू करने की तैयारियों का जायजा लिया।

AIIMS की ज्यादातर प्रमुख इमारतों का निर्माण पूरा
बैठक में केंद्रीय मंत्री को बताया गया कि AIIMS अवंतिपोरा का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और सभी प्रमुख इमारतें तैयार हो चुकी हैं। परियोजना को पूरा करने में सहयोग देने के लिए नड्डा ने CPWD और संबंधित एजेंसियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कठिन भौगोलिक परिस्थितियों और अन्य चुनौतियों के बावजूद परियोजना को आगे बढ़ाने में सभी एजेंसियों ने सराहनीय प्रयास किए हैं।

नड्डा ने स्पष्ट किया कि AIIMS अवंतिपोरा सरकार की प्राथमिकता वाली परियोजना है। इसलिए निर्माण कार्य की गति बनाए रखते हुए मार्च 2027 तक बाकी काम पूरे किए जाएं।

पहले चरण की इमारतें तैयार, हैंडओवर की प्रक्रिया जारी
समीक्षा के दौरान बताया गया कि पहले चरण के तहत OPD रजिस्ट्रेशन ब्लॉक, OPD ब्लॉक, आवासीय भवन और निर्धारित हॉस्टल तैयार हो चुके हैं। इन भवनों के सामान और सुविधाओं का सत्यापन करने के साथ औपचारिक हैंडओवर की प्रक्रिया चल रही है। वहीं, शैक्षणिक, प्रशासनिक, अस्पताल, आवासीय और हॉस्टल से जुड़ा बाकी बुनियादी ढांचा चरणबद्ध तरीके से तैयार किया जा रहा है।

OPD शुरू करने के लिए उपकरणों की खरीद में तेजी लाने के निर्देश
संस्थान को जल्द से जल्द चालू करने पर जोर देते हुए केंद्रीय मंत्री ने HITES और AIIMS अवंतिपोरा के कार्यकारी निदेशक को आपसी समन्वय के साथ खरीद प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने चिकित्सा उपकरणों, OPD इंस्ट्रूमेंट्स, प्रयोगशाला उपकरणों और मेडिकल एवं प्रशासनिक फर्नीचर की खरीद प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने को कहा। मंत्री ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि OPD सेवाएं शुरू करने के लिए जरूरी सभी सामान समय पर उपलब्ध कराया जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि 180 चिकित्सा उपकरणों की खरीद के लिए स्वीकृति भी दी जा चुकी है।

जम्मू-कश्मीर को मिलेगी बेहतर स्वास्थ्य और मेडिकल शिक्षा की सुविधा
AIIMS अवंतिपोरा के पूरी तरह संचालित होने से जम्मू-कश्मीर के लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। इसके साथ ही क्षेत्र में मेडिकल शिक्षा, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं के बुनियादी ढांचे को मजबूती मिलेगी। केंद्र सरकार का लक्ष्य संस्थान को जल्द से जल्द मरीजों और विद्यार्थियों के लिए पूरी तरह तैयार करना है। 

 

और पढ़ें: दिल्ली के चावड़ी बाजार में बिल्डिंग हादसे पर एक्शन, ठेकेदार के खिलाफ FIR दर्ज, JE और AE सस्पेंड