नई दिल्ली: राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, एंड्रयूजगंज में विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर का विशेष आगमन हुआ। इस अवसर पर उन्होंने विद्यालय के 60 उभरते हुए स्क्वैश खिलाड़ियों से आत्मीयतापूर्वक भेंट की और उनके खेल-अनुभव, प्रशिक्षण, उपलब्धियों तथा भविष्य की आकांक्षाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।
आत्मीय स्वागत और खिलाड़ियों से संवाद
विद्यालय परिसर में विदेश मंत्री का स्वागत अपर आयुक्त (प्रशासन एवं शैक्षिक), केंद्रीय विद्यालय संगठन, चंदना मंडल, उपायुक्त, केंद्रीय विद्यालय संगठन, दिल्ली संभाग, वरुण मित्र, विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विवेक यादव, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा किया गया।
डॉ. जयशंकर ने युवा खिलाड़ियों से सहज एवं आत्मीय संवाद करते हुए उनके खेल के प्रति समर्पण और उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने खिलाड़ियों से उनके प्रशिक्षण, दैनिक अभ्यास और खेल के दौरान आने वाली चुनौतियों के बारे में भी चर्चा की। उनके साथ संवाद का यह अवसर विद्यार्थियों के लिए अत्यंत उत्साहवर्धक रहा।
मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास का संदेश
विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए डॉ. जयशंकर ने उन्हें निरंतर मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्यों की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता का विकास नहीं करते, बल्कि विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना, निर्णय लेने की क्षमता और आत्मविश्वास जैसे महत्वपूर्ण गुण भी विकसित करते हैं। उन्होंने युवा खिलाड़ियों को अपने खेल कौशल को निरंतर निखारने तथा हर चुनौती को सीखने और आगे बढ़ने के अवसर के रूप में लेने के लिए प्रेरित किया।
लॉस एंजिल्स ओलंपिक से जगी नई उम्मीद
इस अवसर पर 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक खेलों में स्क्वैश के शामिल होने को लेकर भी विशेष उत्साह देखने को मिला। स्क्वैश का ओलंपिक मंच पर पहुंचना युवा खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है। इससे विद्यालय के स्क्वैश खिलाड़ियों में नई ऊर्जा, उत्साह और भविष्य के प्रति आशा का संचार हुआ।
ये भी पढ़ें: खेलों की उमंग से गूँजा पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय एंड्रयूजगंज, राष्ट्रीय खेल पर्व में विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
खिलाड़ियों के लिए बना यादगार अवसर
विदेश मंत्री का यह संवाद उभरते खिलाड़ियों के लिए अत्यंत प्रेरणादायी एवं गौरवपूर्ण अनुभव रहा। उनके प्रोत्साहन और मार्गदर्शन ने विद्यार्थियों के भीतर अपने खेल कौशल को और बेहतर बनाने तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आत्मविश्वास मजबूत किया। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित यह विशेष संवाद निश्चित रूप से विद्यालय के युवा खिलाड़ियों के ओलंपिक सपनों की दिशा में एक प्रेरणादायी कदम साबित हुआ।
Reported By: एम अतहर उद्दीन मुन्ने भारती