नई दिल्ली: पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, एंड्रयूजगंज में महान हॉकी खिलाड़ी एवं भारतीय खेल जगत के गौरव मेजर ध्यानचंद की स्मृति में राष्ट्रीय खेल पर्व का आयोजन पूरे उत्साह, उमंग और खेल भावना के साथ किया गया। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विवेक यादव एवं उप-प्राचार्या श्रीमती ऋतु शर्मा के कुशल मार्गदर्शन में आयोजित इस त्रिदिवसीय कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा, अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करना था।

‘ऊर्जावान 29 चुनौतियों’ में विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी

29 अगस्त 2026 को ‘ऊर्जावान 29 चुनौतियों’, ‘पास द बॉल’ और ‘खेल-बंधन’ दिवस के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने पास द बॉल, कैरम और स्क्वैश जैसे खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ-साथ टीम भावना, सहयोग और शारीरिक सक्रियता का महत्व समझाया।

मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि

30 अगस्त 2026 को ‘1 घंटे खेल के मैदान’ कार्यक्रम के अंतर्गत मेजर ध्यानचंद के चित्र पर प्राचार्य डॉ. विवेक यादव एवं उप-प्राचार्या  ऋतु शर्मा ने माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर विद्यार्थियों को मेजर ध्यानचंद के जीवन, उनकी उपलब्धियों तथा भारतीय हॉकी में उनके अतुलनीय योगदान के बारे में जानकारी दी गई।

विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में दिखी प्रतिभा

विद्यार्थियों में खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए 100 मीटर दौड़, 400 मीटर रिले दौड़, वॉलीबॉल और बास्केटबॉल जैसी प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। विद्यार्थियों ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ इनमें हिस्सा लिया। प्रतियोगिताओं के दौरान अनुशासन, टीमवर्क और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा का शानदार प्रदर्शन देखने को मिला।

‘संडे ऑन साइकिल’ बना आकर्षण का केंद्र

कार्यक्रम के दौरान ‘संडे ऑन साइकिल’ गतिविधि का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक साइकिल चलाकर अपनी खेल भावना और सक्रिय जीवनशैली का परिचय दिया। तीनों दिनों में विद्यार्थियों की ऊर्जा और खेलों के प्रति उनका उत्साह देखते ही बनता था।

समावेशी शिक्षा को मिला प्रोत्साहन

इस खेल पर्व की विशेष उपलब्धि यह रही कि समावेशी शिक्षा के अंतर्गत शारीरिक चुनौतियों का सामना कर रहे विद्यार्थियों ने भी विभिन्न खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लिया। इससे विद्यालय में समान अवसर, सहभागिता और आत्मविश्वास की भावना को बढ़ावा मिला।

ये भी पढ़ें: CM योगी के खिलाफ कोर्ट पहुंचे अजय राय! जानें क्या है वजह?

स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश

समापन अवसर पर प्राचार्य डॉ. विवेक यादव एवं उप-प्राचार्या ऋतु शर्मा ने विद्यार्थियों के उत्साह और खेल भावना की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास करने तथा खेल के क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्वस्थ एवं संतुलित जीवन के लिए खेलों और नियमित शारीरिक गतिविधियों के महत्व पर भी प्रकाश डाला। इस त्रिदिवसीय राष्ट्रीय खेल पर्व ने विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता उत्पन्न की। आनंद, उत्साह और सहभागिता से भरा यह आयोजन सभी विद्यार्थियों के लिए एक प्रेरणादायक और यादगार अनुभव रहा।

 Reported By: एम अतहर उद्दीन मुन्ने भारती