Kanpur Footwear Park: उत्तर प्रदेश के पहले फुटवियर पार्क को धरातल पर उतारने की कवायद एक बार फिर तेज हो गई है। कानपुर के घाटमपुर स्थित रमईपुर में करीब 130.403 एकड़ क्षेत्रफल में प्रस्तावित फुटवियर पार्क का डिजाइन आईआईटी मुंबई ने फाइनल कर दिया है। आईआईटी मुंबई ने सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं से जुड़े डिजाइन तैयार कर उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) को सौंप दिए हैं। अब संशोधित कार्ययोजना के आधार पर रीटेंडरिंग की तैयारी शुरू हो गई है।

32 करोड़ का टेंडर नहीं आया काम, अब 50 करोड़ होंगे खर्च
फुटवियर पार्क के विकास के लिए पहले करीब 32 करोड़ रुपये का टेंडर जारी किया गया था। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बावजूद कंपनियों के काम के लिए आगे नहीं आने से परियोजना की रफ्तार थम गई थी। इसके बाद यूपीसीडा ने परियोजना में जरूरी बदलाव और आधारभूत सुविधाओं को बेहतर करने का फैसला लिया। तकनीकी परामर्श के लिए आईआईटी मुंबई को कंसल्टिंग एजेंसी बनाया गया। इसके लिए आईआईटी मुंबई को करीब 29 लाख रुपये की फीस दी गई। अब नई डिजाइन और संशोधित कार्ययोजना के आधार पर परियोजना की लागत करीब 50 करोड़ रुपये किए जाने की तैयारी है।

100 से ज्यादा औद्योगिक इकाइयां होंगी स्थापित
रमईपुर फुटवियर पार्क में 100 से अधिक औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। यहां लेदर से बने जूते-चप्पल और उनसे जुड़े सह-उत्पादों का निर्माण किया जाएगा। पार्क के विकसित होने से करीब 10 हजार लोगों को प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार मिलने की उम्मीद है। यह पार्क कानपुर के रूमा, चकेरी और पनकी के बाद शहर का चौथा प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र बनने की दिशा में तैयार किया जा रहा है। इससे कानपुर के पारंपरिक चमड़ा उद्योग को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

औद्योगिक इकाइयों के लिए 99 एकड़ से ज्यादा जमीन
पार्क के ब्लॉक-ए में 23.78 एकड़ और ब्लॉक-बी में 75.71 एकड़ जमीन औद्योगिक इकाइयों के लिए आरक्षित की गई है। इस तरह 99 एकड़ से अधिक भूमि पर औद्योगिक गतिविधियां विकसित होंगी। इसके अलावा करीब 7.76 एकड़ क्षेत्र ग्रीन एरिया के रूप में विकसित किया जाएगा। सड़क, नाली और दूसरी आधारभूत सुविधाओं के लिए भी भूमि चिन्हित की गई है। पार्क में न्यूनतम 500 वर्गमीटर के भूखंड प्रस्तावित हैं। जरूरत और निवेश क्षमता के अनुसार उद्यमियों को इससे बड़े भूखंड भी आवंटित किए जा सकेंगे।

जमीन अधिग्रहण और बाउंड्रीवाल का काम पूरा
यूपीसीडा की ओर से पार्क के लिए जमीन का अधिग्रहण किया जा चुका है और बाउंड्रीवाल का निर्माण भी कराया गया है। हालांकि भूखंडों की कीमत अभी निर्धारित नहीं हुई है, इसलिए फिलहाल आवंटन शुरू नहीं किया गया है। अब रीटेंडरिंग के जरिए विकास कार्य शुरू कराने की तैयारी है। यूपीसीडा के वरिष्ठ प्रबंधक आशीष सिंह तोमर ने बताया कि आईआईटी मुंबई की ओर से फुटवियर पार्क के सड़क, नाली समेत मूलभूत ढांचे का डिजाइन तैयार कर भेज दिया गया है। संशोधित कार्ययोजना के आधार पर रीटेंडरिंग की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। 

और पढ़ें: यूपी के एक और जिले में बनेगा इंडस्ट्रियल कॉरिडोर, 200 हेक्टेयर जमीन पर बसेंगी फैक्ट्रियां; रोजगार को मिलेगा बूस्ट