New Delhi: हिमाचल प्रदेश के उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने गुरुवार को नई दिल्ली में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर प्रदेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण परिवहन और सड़क संबंधी मुद्दों पर चर्चा की। बैठक में पर्यटक वाहनों की आयु सीमा, ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस), राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क और गति सीमा बढ़ाने जैसे विषय प्रमुखता से उठाए गए।
टूरिस्ट वाहनों की आयु सीमा 15 वर्ष करने की मांग
उप-मुख्यमंत्री ने कॉन्ट्रैक्ट कैरिज वाहन संचालकों की लंबे समय से चल रही मांग केंद्रीय मंत्री के समक्ष रखी। उन्होंने पर्यटक वाहनों की स्वीकार्य आयु सीमा 12 वर्ष से बढ़ाकर 15 वर्ष करने का आग्रह किया। अग्निहोत्री ने कहा कि ऑल इंडिया टूरिस्ट परमिट के तहत आने वाले वाहनों की आयु सीमा पहले ही बढ़ाई जा चुकी है, इसलिए कॉन्ट्रैक्ट कैरिज वाहनों को भी समान राहत मिलनी चाहिए। इस मांग पर नितिन गडकरी ने आवश्यक अधिसूचना जारी करने के निर्देश दिए। इससे प्रदेश के टैक्सी संचालकों और पर्यटन क्षेत्र को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
एटीएस की कमी पर भी हुई चर्चा
बैठक में हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्य में ऑटोमेटेड टेस्टिंग स्टेशनों की अपर्याप्त संख्या का मुद्दा भी उठाया गया। अग्निहोत्री ने बताया कि वर्तमान में प्रदेश में केवल दो एटीएस कार्यरत हैं। उन्होंने पर्याप्त एटीएस स्थापित होने तक मैनुअल फिटनेस टेस्टिंग व्यवस्था को समानांतर रूप से जारी रखने की अनुमति मांगी। गडकरी ने राज्य की मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया और निर्माणाधीन एटीएस केंद्रों की स्थिति व विवरण उपलब्ध करवाने को कहा।
कीरतपुर-बिलासपुर-मंडी मार्ग पर बढ़ेगी गति सीमा
साथ बैठक में कीरतपुर-बिलासपुर-मंडी मार्ग पर गति सीमा 60 किलोमीटर प्रति घंटा से बढ़ाकर 80 किलोमीटर प्रति घंटा करने पर भी सहमति बनी। इसके अतिरिक्त अमृतसर-होशियारपुर राष्ट्रीय राजमार्ग को पंडोगा स्थित पंजाब-हिमाचल सीमा से झलेड़ा, ऊना तक राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से जोड़ने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए गए।
ये भी पढ़ें: युवा प्रतिभाओं से जयशंकर की मुलाकात, ओलंपिक की तैयारी पर स्क्वैश खिलाड़ियों से हुआ विशेष संवाद
उप-मुख्यमंत्री ने केंद्रीय मंत्री के सकारात्मक रुख और सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि लंबित मामलों का जल्द समाधान होगा और इससे हिमाचल के परिवहन एवं पर्यटन क्षेत्र को राहत मिलेगी।
Reported By: एम अतहर उद्दीन मुन्ने भारती