लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उत्तर प्रदेश आउटसोर्स्ड सर्विसेज कॉरपोरेशन (UPCOS) के पोर्टल और वेबसाइट का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने पिछली सरकारों पर आउटसोर्स कर्मचारियों की अनदेखी और शोषण का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्ष 2017 से पहले की सरकारें इन कर्मचारियों को बोझ मानती थीं, जबकि मौजूदा सरकार उन्हें प्रदेश की ताकत और विकास में अहम भागीदार मानती है।

कार्यक्रम के दौरान यूपीसीओएस का लोगो भी लॉन्च किया गया और आउटसोर्स कर्मचारियों को चेक वितरित किए गए। राज्य स्तरीय गैर-लाभकारी संस्था के रूप में गठित यूपीसीओएस का उद्देश्य आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्ति प्रक्रिया को पारदर्शी बनाना, उनके अधिकारों की रक्षा करना और उन्हें समय पर वेतन व सामाजिक सुरक्षा का लाभ उपलब्ध कराना है। इसके तहत कर्मचारियों को EPF और ESI जैसी सुविधाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले की सरकारों में आउटसोर्सिंग के नाम पर कर्मचारियों का शोषण किया जाता था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय भर्ती और यूनिफॉर्म के नाम पर कर्मचारियों से वसूली की जाती थी और आउटसोर्सिंग कंपनियां सत्ता से जुड़े लोगों के रिश्तेदारों की होती थीं। सीएम योगी ने कहा कि 2017 से पहले की सरकारें आउटसोर्स कर्मचारियों को बोझ मानती थीं। हमने उन्हें बोझ नहीं, बल्कि प्रदेश की संपत्ति और ताकत माना है।"

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विकास की जो यात्रा तय की है, उसमें स्थायी कर्मचारियों के साथ-साथ आउटसोर्स कर्मचारियों का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा है। नगर निकायों के सफाई कर्मचारियों से लेकर शासन की विभिन्न आवश्यक सेवाओं में काम कर रहे कर्मचारियों ने प्रदेश की प्रगति को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और कर्मचारियों के बीच संबंध केवल वेतन तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि यह भरोसे और सम्मान का रिश्ता है। कर्मचारियों को समय पर वेतन मिले, उनके काम का रिकॉर्ड रखा जाए, उनकी समस्याओं को सुनने की व्यवस्था हो और उन्हें यह महसूस न हो कि वे अकेले हैं।

उन्होंने कहा कि यूपीसीओएस के जरिए बिचौलियों की भूमिका खत्म की जाएगी और कर्मचारियों को पोर्टल के माध्यम से सीधे जानकारी व सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे वेतन भुगतान में पारदर्शिता बढ़ेगी और कर्मचारियों को सामाजिक सुरक्षा का लाभ भी आसानी से मिल सकेगा।

सीएम योगी ने कहा कि किसी कर्मचारी को जब समय पर उसका अधिकार और लाभ मिलता है तो उसका असर पूरे परिवार पर पड़ता है। बच्चों की शिक्षा, परिवार के स्वास्थ्य और भविष्य की सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ता है। मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि उत्तर प्रदेश आउटसोर्स्ड सर्विसेज कॉरपोरेशन के माध्यम से 20 लाख लोगों को सुरक्षा कवरेज प्रदान करने की योजना है। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य आउटसोर्स कर्मचारियों को सम्मान, सुरक्षा और उनके श्रम के अनुरूप उचित पारिश्रमिक सुनिश्चित करना है। 

और पढ़ें: DND जाने वालों के लिए Good News, NHAI ने फिर खोली जैतपुर वाली लेन, ट्रैफिक में आएगा बड़ा बदलाव