DND Jaitpur Road Update: दिल्ली और नोएडा के बीच सफर करने वाले लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे की जैतपुर पुश्ता रोड से DND महारानी बाग की ओर जाने वाली लेन को दोबारा ट्रायल के लिए खोल दिया गया है। इससे फरीदाबाद से दिल्ली और नोएडा आने-जाने वाले वाहन चालकों को जाम से काफी राहत मिलने की उम्मीद है।
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने मंगलवार रात इस मार्ग पर लगाए गए बैरियर हटाकर वाहनों की आवाजाही शुरू कर दी। इससे पहले सड़क पर सुरक्षा से जुड़े काम जैसे रिफ्लेक्टर लगाना, रोड मार्किंग, दिशा संकेतक बोर्ड और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जांच की गई।
कालिंदी कुंज और मथुरा रोड के जाम से मिलेगी राहत
इस रूट के खुलने से फरीदाबाद से दिल्ली जाने वाले लोगों को अब कालिंदी कुंज और मथुरा रोड पर लगने वाले भारी ट्रैफिक से कुछ राहत मिल सकती है। खासतौर पर ऑफिस जाने वाले लोगों और रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा।
ट्रैफिक और सुरक्षा पर रहेगी नजर
फिलहाल इस लेन को स्थायी रूप से नहीं खोला गया है, बल्कि ट्रायल के आधार पर वाहनों के लिए शुरू किया गया है। NHAI की टीम लगातार ट्रैफिक दबाव, वाहनों की रफ्तार और सड़क सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रही है।अगर ट्रायल के दौरान कोई समस्या सामने आती है तो उसे तुरंत ठीक किया जाएगा।
20 सितंबर तक चलेगा परीक्षण
जानकारी के मुताबिक जैतपुर-DND रूट का ट्रायल 20 सितंबर तक जारी रहेगा। इसके बाद ट्रायल के दौरान मिले फीडबैक और रिपोर्ट के आधार पर फैसला लिया जाएगा कि इस मार्ग को आगे भी नियमित रूप से चालू रखा जाए या नहीं।दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के इस हिस्से का उद्घाटन प्रधानमंत्री द्वारा किए जाने का प्रस्ताव है। उद्घाटन की तारीख को लेकर जल्द फैसला आने की संभावना है।
पहले भी खोला गया था एक्सप्रेसवे का हिस्सा
इससे पहले 21 अगस्त को DND महारानी बाग से जैतपुर पुश्ता रोड तक करीब 9 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड हिस्से को ट्रायल के लिए खोला गया था। हालांकि, सुरक्षा से जुड़े कुछ काम बाकी रहने के कारण 22 अगस्त को एक लेन बंद कर दी गई थी।अब जरूरी सुधार कार्य पूरे होने के बाद करीब 10 दिन बाद इस रास्ते को फिर से ट्रायल के लिए शुरू किया गया है।NHAI ने वाहन चालकों से अपील की है कि एक्सप्रेसवे पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सावधानी से वाहन चलाएं। सड़क निर्माण और व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है।