पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को किसानों और व्यापारियों से राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए मिलकर काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जब खेती की मेहनत और बाजार की ताकत एक साथ आती है तो समृद्धि का रास्ता खुलता है। बिहार को विकसित और समृद्ध बनाने के लिए किसानों और व्यापारियों के बीच बेहतर तालमेल जरूरी है।
मुख्यमंत्री पटना स्थित बिहार चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज में आयोजित बिहार राज्य खाद्यान्न व्यवसायी संघ के राज्य स्तरीय सम्मेलन और राम लखन प्रसाद गुप्ता की 101वीं जयंती समारोह को संबोधित कर रहे थे।
राम लखन प्रसाद गुप्ता को दी श्रद्धांजलि
सीएम सम्राट चौधरी ने राम लखन प्रसाद गुप्ता की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया। इस दौरान उन्होंने खाद्यान्न और खाद्य उत्पादों के कारोबार से जुड़े व्यापारियों से बिहार के आर्थिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की। इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि जब खेती की मेहनत और बाजार की ताकत एक साथ मिलती है तो समृद्धि का रास्ता खुलता है। बिहार की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में किसान और व्यापारी दोनों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
बिहार लौटकर कारोबार शुरू करने की अपील
सम्राट चौधरी ने राज्य से बाहर रह रहे बिहार के लोगों से भी वापस लौटकर प्रदेश में उद्योग, व्यापार और उद्यम शुरू करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बिहार अब व्यापार और उद्यमिता के लिए पूरी तरह तैयार है और यहां कारोबार की अपार संभावनाएं मौजूद हैं। बता दें कि इस दौरान सीएम ने ये भी कहा कि बिहार के लोग जो दूसरे राज्यों में रहकर कारोबार कर रहे हैं, उन्हें बिहार लौटकर यहां निवेश और उद्यमिता के अवसर तलाशने चाहिए।
छोटे व्यापारियों के लिए बाजार समिति में जगह की योजना
मुख्यमंत्री ने कृषि विभाग को निर्देश दिया कि बाजार समितियों में छोटे व्यापारियों और खाद्यान्न कारोबार से जुड़े लोगों के लिए छोटी-छोटी जगह उपलब्ध कराने की योजना तैयार की जाए। उन्होंने कहा कि इससे छोटे कारोबारियों को अपना व्यवसाय संचालित करने में आसानी होगी। साथ ही स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और किसानों व व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित हो सकेगा।
कृषि उत्पादन को बाजार से जोड़ने पर जोर
सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि कृषि उत्पादन को सीधे बाजार से जोड़ने, व्यापार को आसान बनाने और राज्य में रोजगार व उद्यमिता के अवसर बढ़ाने की दिशा में लगातार प्रयास किए जाने चाहिए। सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के विजन और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के लक्ष्य को आगे बढ़ाने के लिए काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए बिहार के किसानों, व्यापारियों और सरकार को मिलकर काम करना होगा। कृषि और व्यापार व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। कार्यक्रम में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री दिलीप जायसवाल, पूर्व राज्यपाल गंगा प्रसाद, बिहार विधानसभा के विधायक और सत्तारूढ़ दल के मुख्य सचेतक संजीव चौरसिया, पटना नगर निगम की मेयर सीता साहू समेत कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग मौजूद रहे।
सरकार का मानना है कि बिहार में निवेश, उद्यमिता और व्यापार को बढ़ावा देकर आर्थिक गतिविधियों को नई गति दी जा सकती है, जिसमें कृषि और उससे जुड़े क्षेत्र राज्य की अर्थव्यवस्था की मजबूत नींव साबित होंगे।
और पढ़ें: आरक्षण पर तेजस्वी यादव का BJP-RSS पर हमला, कहा- बड़े पदों पर SC-ST-OBC की...