IND vs NZ 2nd ODI Update: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच वनडे मैच की सीरीज का दूसरा मैच इस समय वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में खेला जा रहा है। दूसरे ओडीआई में भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बॉलिंग का फैसला किया और कीवियों की पारी को सिर्फ 134 रन पर ढेर कर दिया।

इस मैच में भारत के लिए सबसे सफल गेंदबाज गुरनूर बरार रहें, जिन्होंने 4 विकेट अपने नाम किए। वहीं, आकिब और अंशुल ने भी कीवी बल्लेबाजों को हाथ खोलने का मौका नहीं दिया।

134 पर सिमटी पूरी पारी

टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम के सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद कीवियों के विकेट लगातार गिरते रहे। टिम के बाद अन्य ओपनर विल यंग (6) भी आउट हो गए। दोनों सलामी बल्लेबाजों को आकिब नबी ने अपना शिकार बनाया।

इसके बाद हेनरी निकोल्स (11) भी बिना बड़ी पारी खेले अंशुल कंबोज की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए। बीच में डेरिल मिचेल और टॉम लैथम के बीच 30 रन की साझेदारी जरूर हुई, लेकिन गुरनूर ने लैथम (7) का विकेट लेकर इसको तोड़ा। फिर इसी ओवर में ग्लेन फिलिप्स भी शून्य पर आउट हुए। इस न्यूजीलैंड लगातार विकेट गंवाती रही और अंत में पूरी पारी सिर्फ 134 रन पर सिमट गई।

डेरिल मिचेल ने खेली अर्धशतकीय पारी

हेनरी स्टेडियम की पिच पर न्यूजीलैंड के बल्लेबाज संघर्ष कर रहे थे तो अनुभवी डेरिल मिचेल ने 104 गेंदों में 55 रन की जुझारू पारी खेली। उनकी इस इनिंग में 5 चौके और 2 दर्शनीय छक्के शामिल थे।

उन्होंने छठे विकेट के लिए कप्तान मिचेल सेंटनर के साथ 90 गेंदों में 59 रन की अर्धशतकीय साझेदारी की, जिसके चलते ब्लैककैप्स 41 ओवर में 134 रन बनाने में सफल रही।

एक समय लग रहा था कि कीवी की टीम 100 के अंदर सिमट जाएगी, लेकिन मिचेल ने एक छोर संभाले रखा और 35 ओवर तक क्रीज पर संघर्ष करते रहे और अन्य खिलाड़ियों के साथ छोटी-छोटी साझेदारी की।

गुरनूर-आकिब ने बरपाया कहर

दूसरे वनडे मैच में भारतीय टीम के युवा तेज गेंदबाजों का जलवा देखने को मिला। पहले आकिब नबी ने दोनों ओपनर को पवेलियन भेजा तो तीसरा झटका अंशुल कंबोज ने दिया। इसके बाद गुरनूर बरार ने एक ही ओवर में लैथम और फिलिप्स को चलता किया तो अक्षर पटेल ने डेरिल मिचेल के रूप में बड़ी मछली को फंसाया। फिर गुरनूर ने कप्तान मिचेल सेंटनर और नाथन स्मिथ को चलता किया तो काइल जेमिसन की अक्षर ने गिल्लियां बिखेर दीं।

वहीं, कीवी बैटिंग के ताबूत में अंतिम कील अंशुल कंबोज ने ठोकी। उन्होंने ब्लेयर टिकनर को चलता किया। इस मुकाबले में सबसे ज्यादा 4 विकेट गुरनूर ने लिए तो आकिब, अंशुल और अक्षर को 2-2 विकेट मिले। वहीं, अर्शदीप सिंह ने 7 ओवर में 16 रन की शानदार गेंदबाजी की, लेकिन उनको एक भी सफलता नहीं मिली।

ये भी पढ़ें- IND vs New Zealand Live Streaming: 134 रन पर सिमटी न्यूजीलैंड की पारी, अंशुल ने झटका आखिरी विकेट