नई दिल्ली: हरियाणा के मोस्ट वांटेड गैंगस्टर और लॉरेंस बिश्नोई गैंग के करीबी सहयोगी हैरी बॉक्सर को अमेरिका के कैलिफोर्निया में यूनाइटेड स्टेट्स (US) अथॉरिटीज़ के द्वारा हिरासत में लिया गया है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल और हरियाणा स्पेशल टास्क फोर्स (STF) से मिले इनपुट के आधार पर अमेरिकी अधिकारियों ने यह कार्रवाई की है। हैरी बॉक्सर का असली नाम हरिचंद जाट बताया गया है और वह राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ जिले के बामसुर इलाके का रहने वाला है। जयपुर में रहने के दौरान बॉक्सिंग सीखने के बाद उसे 'बॉक्सर' उपनाम मिला।
विदेश में बिश्नोई गैंग के नेटवर्क को संचालित करने में अहम भूमिका
दरअसल, आरोप है कि हैरी बॉक्सर विदेश से लॉरेंस बिश्नोई गैंग के उगाही नेटवर्क को संचालित करने में अहम भूमिका निभा रहा था। उसका नाम हत्या, हत्या के प्रयास, फायरिंग और कारोबारियों को धमकी देकर फिरौती मांगने जैसे कई मामलों में सामने आया है। कनाडा में कॉमेडियन कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग और बॉलीवुड हस्तियों रणवीर सिंह, रोहित शेट्टी और तुषार कपूर को धमकी देने के मामलों से भी उसका नाम जुड़ा है।
बॉक्सर के खिलाफ मर्डर, फायरिंग और फिरौती के कई मामले दर्ज
शुरुआत में हैरी बॉक्सर ने कॉम्पिटिटिव एग्ज़ाम की तैयारी की और कथित तौर पर क्राइम की दुनिया में आने से पहले बॉक्सिंग कोच के तौर पर भी काम किया। बॉक्सर के खिलाफ मर्डर, अटेम्प्ट टू मर्डर, असॉल्ट, फायरिंग और बिज़नेसमैन को एक्सटॉर्शन की धमकी देने जैसे कई क्रिमिनल केस दर्ज हैं। इसका नाम दिल्ली, राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में कई क्रिमिनल केस में सामने आया है। अब भारतीय एजेंसियां उसे भारत वापस लाने के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर सकती हैं। इस प्रक्रिया में CBI की भूमिका अहम रहने की संभावना है।