लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को भारत रत्न से सम्मानित महान शहनाई वादक उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के घर को कथित रूप से गिराए जाने के मामले में बीजेपी पर निशाना साधा है। अखिलेश यादव ने इस घटना पर नाराजगी जताते हुए कहा कि बीजेपी हमेशा से कला और कलाकारों के खिलाफ रही है। अखिलेश यादव के इस बयान के बाद राजनीतिक विवाद तेज हो गया है।

कलाकारों से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों का सम्मान नहीं किया जा रहा

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि देश की महान सांस्कृतिक विरासत और कलाकारों से जुड़ी ऐतिहासिक धरोहरों का सम्मान नहीं किया जा रहा है। अखिलेश यादव ने BJP की आलोचना करते हुए दावा किया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने भारत रत्न से सम्मानित उस्ताद बिस्मिल्लाह खान के घर पर बुलडोजर चलाया। यह मामला कला, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत के संरक्षण को लेकर नई बहस का विषय बन गया है। 

जिनके लिए शहनाई नहीं बजी, उनसे और क्या उम्मीद की जा सकती

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने पार्टी और उसके साथियों पर कला और कलाकारों का विरोध करने का आरोप लगाया। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म  X पर एक पोस्ट कर यादव ने इस कार्रवाई पर सवाल उठाया और कला और कलाकारों के प्रति BJP के छोटी सोच वाले रवैये की आलोचना की। उन्होंने तंज करते हुए कहा कि, "जिनके लिए शहनाई नहीं बजी, उनसे और क्या उम्मीद की जा सकती है?  उन्होंने कहा कि भाजपा और उनके संकीर्ण सोच वाले सहयोगी हमेशा ‘कला और कलाकारों’ के खिलाफ होते हैं क्योंकि इन रूढ़िवादी लोगों की संकीर्ण मानसिकता है। रचनात्मक लोग वे होते हैं जो आधार तैयार करते हैं और सामाजिक परिवर्तन के लिए परिस्थितियां बनाते हैं।