पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक बार फिर तृणमूल कांग्रेस (TMC) और बीजेपी के बीच टकराव बढ़ गया है। TMC सांसद अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया है कि देर रात करीब 2 बजे उनके घर पर हमला किया गया,उन्होंने इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर शेयर करते हुए बीजेपी कार्यकर्ताओं को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है।
अभिषेक बनर्जी का कहना है कि हमले से पहले लगातार दो दिनों तक उनके घर और आसपास के इलाके की रेकी की गई थी, उन्होंने लोगों से वीडियो फुटेज देखने की अपील करते हुए कहा कि जब एक चुने हुए सांसद का घर भी सुरक्षित नहीं है, तो आम लोगों की सुरक्षा का अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।
छह महीने में सातवीं बार हमले की कोशिश का दावा
अभिषेक बनर्जी ने अपनी पोस्ट में दावा किया कि पिछले छह महीनों के दौरान उनकी जान लेने की यह सातवीं कोशिश है। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर घटनाओं के बावजूद पुलिस की तरफ से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
उन्होंने कोलकाता पुलिस के साथ-साथ न्यायपालिका पर भी सवाल उठाए। बनर्जी ने कहा कि राज्य में असामाजिक तत्व खुलेआम उत्पात मचा रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार संस्थाओं की तरफ से कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है।
उन्होंने अपनी पोस्ट में कलकत्ता हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट पर भी तंज कसते हुए कहा कि इस पूरे मामले में उनकी चुप्पी समझ से परे है। अभिषेक ने यह भी कहा कि वह जल्द ही घटना से जुड़े अन्य वीडियो फुटेज सार्वजनिक करेंगे।
After I released the recce video this morning, my house was attacked just now, at 2 AM by BJP goons, right under the watch of the Kolkata police. Thank you, Calcutta High Court and the Supreme Court of India for remaining mute spectators while all this unfolds. I will upload the videos shortly.
— Abhishek Banerjee (@abhishekaitc) November 6, 2026
पहले भी रेकी किए जाने का लगाया आरोप
हमले से पहले शुक्रवार को भी अभिषेक बनर्जी ने अपने घर और कार्यालय के आसपास संदिग्ध गतिविधियों की शिकायत की थी, उनका आरोप था कि कुछ अनजान लोग लगातार दो दिनों से उनके घर और दफ्तर की निगरानी कर रहे थे। जब उनसे इस बारे में जानकारी मांगी गई, तो उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया।
इस पर अभिषेक ने सवाल उठाया था कि आखिर एक सांसद के घर और कार्यालय के बाहर इस तरह निगरानी क्यों की जा रही है? उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्रालय, कोलकाता पुलिस और बंगाल पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की थी।
दिलीप घोष ने आरोपों पर दिया तीखा जवाब
अभिषेक बनर्जी के आरोपों पर बीजेपी नेता दिलीप घोष ने भी पलटवार किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने अभिषेक के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार किसी राजनेता का जन्मदिन फुटपाथ पर मनाते देखा है।
दिलीप घोष ने तंज कसते हुए कहा कि अगर कोई विवाद खड़ा करेगा, तो उस पर प्रतिक्रिया भी मिलेगी, उन्होंने यह भी कहा कि अभिषेक बनर्जी को नुकसान पहुंचाने में आखिर किसकी दिलचस्पी होगी? उनके मुताबिक, अभिषेक के पास अब जनता के सामने रखने के लिए कोई खास मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह इस तरह के आरोप लगाकर लोगों का ध्यान भटकाने की कोशिश कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- गाजियाबाद में पुलिस चौकी के अंदर धमाका, टूटे शीशे और दीवार में आई दरार; सुरक्षा पर उठे सवाल
बंगाल की राजनीति में फिर बढ़ा तनाव
अभिषेक बनर्जी के घर के आसपास रेकी और आधी रात को हुए हमले के आरोपों ने राज्य की राजनीति को गरमा दिया है। एक तरफ TMC इस मामले को सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से जोड़ रही है, तो दूसरी तरफ बीजेपी नेता इन आरोपों पर सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल इस मामले में अभिषेक बनर्जी की ओर से लगाए गए आरोपों और बीजेपी की प्रतिक्रिया के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। घटना की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदार लोगों को लेकर पुलिस की जांच तथा आधिकारिक जानकारी का इंतजार है।