भारतीय टीम के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली, और अब सियासत शुरू हो गई है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद का इसपर एक विवादस्पद बयान सामने आया है, जिसने खेल जगत में खलबली मचा दी है। कांग्रेस सांसद का कहना है कि मोहम्मद सिराज को सिर्फ इस वजह से प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं किया गया, क्योंकि वह एक मुसलमान हैं। 

सिराज का नाम ही काफी है- मसूद

इमरान मसूद ने भारतीय टीम के स्टार तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज को नहीं खिलाने पर कहा कि वह अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन इसके बाद भी उनको खेलने का मौका नहीं मिला। उनका नाम 'सिराज' है और शायद इसलिए उनको प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं मिली।

अगर आप अच्छा प्रदर्शन करें और फिर भी आपको नहीं चुना जाए तो यह साफतौर पर भेदभाव दिखाता है। हालांकि, इसपर फिलहाल मोहम्मद सिराज की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है, और न ही टीम मैनेजमेंट की ओर से इसपर कोई रिएक्शन देखने को मिला है।

शास्त्री-गावस्कर ने भी उठाए थे सवाल

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर और पूर्व मुख्य कोच रवि शास्त्री भी मोहम्मद सिराज को नहीं खिलाने से नाखुश थे। उन्होंने अपनी आपत्ति दर्ज करवाई। सुनील गावस्कर ने कहा कि मोहम्मद सिराज ने कभी टीम इंडिया को निराश नहीं किया और उनकी लय भी अच्छी थी। गावस्कर का कहना है कि उनको प्लेइंग इलेवन में न देखकर हैरानी हुई।

वहीं, रवि शास्त्री ने कटाक्ष करते हुए कहा कि सिराज कहां हैं? उनके पास अनुभव और आक्रामकता है, और उनमें गेंद से कुछ कर दिखाने की क्षमता है। मोहम्मद सिराज को प्लेइंग इलेवन में शामिल नहीं करने पर पूर्व खिलाड़ियों की नाराजगी साफतौर पर देखने को मिल रही है।

प्रसिद्ध ने किया निराश

टीम इंडिया ने पहले टेस्ट में जसप्रीत बुमराह, आकाश दीप, अंशुल कंबोज और प्रसिद्ध कृष्णा के तौर पर चार तेज गेंदबाजों को चुना था, लेकिन इनमें से प्रसिद्ध कृष्णा का प्रदर्शन निराशाजनक रहा।

पहली इनिंग में प्रसिद्ध ने 26 ओवर में 100 रन खर्च किए और सिर्फ 1 विकेट हासिल किया। आपको बता दें कि, इस तेज गेंदबाज ने सिर्फ दो ओवर मेडन डाले थे, और उनका इकॉनमी 3.84 का था, जो अन्य भारतीय गेंदबाजों में सबसे महंगे रहे।

ये भी पढ़ें- ‘गंभीर मुझे मैसेज करते थे…’ पोस्ट-डे प्रेस कॉन्फ्रेंस में आकाश दीप का चौंकाने वाला खुलासा, गौतम के लिए कही ये बात