Entertainment News: भोजपुरी सिनेमा के मशहूर अभिनेता और गायक खेसारी लाल यादव अपने बेबाक अंदाज के लिए जाने जाते हैं। अब उन्होंने OTT प्लेटफॉर्म पर बनने वाली फिल्मों और वेब सीरीज को लेकर अपनी राय रखी है। खेसारी ने खुलासा किया कि वह कई OTT प्रोजेक्ट्स को ठुकरा चुके हैं। इसकी वजह काम की कमी नहीं, बल्कि उनकी अपनी सोच और संस्कार हैं। उनका मानना है कि मनोरंजन के नाम पर गाली-गलौज और ऐसा कंटेंट पेश करना सही नहीं है, जिससे किसी समुदाय की भावनाएं आहत हों।

ANI से बातचीत में खेसारी लाल यादव ने कहा कि वह अपने काम में भी संस्कारों और मूल्यों को प्राथमिकता देते हैं। कई बार इसी वजह से उन्हें अच्छे प्रोजेक्ट्स छोड़ने पड़ते हैं। अभिनेता के मुताबिक, कलाकार का काम सिर्फ पर्दे पर अभिनय करना नहीं है, बल्कि उसे यह भी सोचना चाहिए कि उसके काम से उसके परिवार और समाज पर क्या असर पड़ेगा।

ऐसा काम कैसे करूं जिससे माता-पिता को गर्व न हो
खेसारी ने बातचीत में कहा कि कई बार कलाकारों के सामने ऐसी परिस्थितियां आती हैं, जहां उन्हें अपने मूल्यों और काम के बीच चुनाव करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि लोग यह सवाल कर सकते हैं कि खेसारी लाल जैसा संस्कारी लड़का पर्दे पर गाली कैसे दे सकता है। लेकिन एक कलाकार के तौर पर उससे किरदार की मांग के मुताबिक काम करने की उम्मीद की जाती है।

उन्होंने कहा कि वह अपने माता-पिता और बुजुर्गों से मिले संस्कारों को ध्यान में रखकर आगे बढ़ते हैं। ऐसे में अगर किसी प्रोजेक्ट में उन्हें लगता है कि वह अपने परिवार को गर्व महसूस नहीं करा पाएंगे, तो पीछे हटना बेहतर समझते हैं। इसी सोच के कारण उन्होंने कई प्रोजेक्ट्स छोड़ दिए हैं।

OTT की गाली-गलौज वाली भाषा पर उठाए सवाल
खेसारी लाल यादव ने OTT प्लेटफॉर्म पर बनने वाली फिल्मों और वेब सीरीज में इस्तेमाल होने वाली अभद्र भाषा पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि आजकल ज्यादातर वेब सीरीज में गाली-गलौज को मनोरंजन का हिस्सा बना दिया गया है। दर्शकों के एक वर्ग को भले ही यह मनोरंजक लगता हो, लेकिन उनके लिए गाली आखिरकार गाली ही है।

अभिनेता ने कहा कि हिंदी हो या दूसरी भाषा, मनोरंजन के नाम पर अभद्र शब्दों का इस्तेमाल उन्हें सही नहीं लगता। उनके मुताबिक, कला में भी कुछ मूल्यों का होना जरूरी है और मनोरंजन की आड़ में हर तरह की भाषा को जायज नहीं ठहराया जा सकता।

बिग बॉस 13 में भी नजर आ चुके हैं खेसारी
खेसारी लाल यादव भोजपुरी सिनेमा के लोकप्रिय अभिनेताओं और गायकों में शामिल हैं। उन्होंने अपने अभिनय और गायकी से भोजपुरी दर्शकों के बीच खास पहचान बनाई है। इसके अलावा वह सलमान खान के रियलिटी शो 'बिग बॉस 13' में भी बतौर कंटेस्टेंट नजर आ चुके हैं। अब OTT कंटेंट को लेकर उनका यह बयान मनोरंजन जगत में एक नई बहस छेड़ सकता है। 

और पढ़ें: मेटा स्कैम अवेयरनेस! भारत की पहली सरकारी माइक्रोड्रामा सीरीज होगी लॉन्च