नई दिल्ली: तेलंगाना में सरकारी धान के कथित गबन से जुड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार, 20 नवंबर को ED की टीम ने पूर्व विधायक अजमेरा रेखा नाइक से जुड़े दो ठिकानों पर छापेमारी की। इनमें उनका आवास और उनकी कंपनी ARS इंडस्ट्रीज की राइस मिल शामिल है। यह कार्रवाई करीब 40.96 करोड़ रुपये के सरकारी धान के कथित गबन और मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के सिलसिले में की गई है।

40.96 करोड़ रुपये के सरकारी धान का कथित गबन 

दरअसल, रेखा नाइक खानापुर विधानसभा सीट से पूर्व विधायक रही हैं। इसके साथ ही वह ARS इंडस्ट्रीज राइस मिल की मालिक भी हैं। तेलंगाना के सिविल सप्लाई विभाग की शिकायत के मुताबिक, सरकार ने साल 2022-23, 2023-24 और 2024-25 के रबी सीजन में मिल को धान उपलब्ध कराया था। इसके बदले मिल को सरकार को निर्धारित मात्रा में चावल वापस देना था। लेकिन अधिकारियों की जांच में सामने आया कि मिल ने तय मात्रा से कम चावल जमा कराया और करीब 9,639.962 मीट्रिक टन धान का हिसाब नहीं मिला। इसकी कीमत न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) के आधार पर करीब 40.96 करोड़ रुपये आंकी गई।

फर्म के खिलाफ मामला दर्ज, जांच में जुटी ED 

इस मामले में अगस्त 2026 में खानापुर पुलिस स्टेशन में रेखा नाइक और उनकी फर्म के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। इसके बाद ED ने मनी लॉन्ड्रिंग के तहत जांच शुरू की। छापेमारी के दौरान ED अधिकारियों ने करीब 30 लाख रुपये की बेहिसाब नकदी और कुछ अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। इस मामले में जांच एजेंसी यह पता लगाने में जुटी है कि सरकारी धान से जुड़े कथित गबन की रकम कहां गई और क्या इससे कोई अवैध संपत्ति बनाई गई है। फिलहाल ED की जांच जारी है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोपों पर अंतिम निष्कर्ष जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही सामने आएगा।
 

ये भी पढ़ें- अखिलेश यादव से मिले संजय सिंह, UP चुनाव 2027 में AAP-SP गठबंधन की चर्चा तेज