Pakistan Minister India Visit: भारत और पाकिस्तान के बीच लंबे समय से जारी तनाव के बीच शुक्रवार को एक अहम कूटनीतिक घटनाक्रम देखने को मिला। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण समन्वय मंत्री मसूद मलिक के नेतृत्व में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल नई दिल्ली पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल यहां पुराना किला में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सभ्यतागत संवाद मंच में हिस्सा लेने आया है।

20 से 22 नवंबर तक चलने वाले इस तीन दिवसीय आयोजन में SCO के सदस्य देशों के साथ पर्यवेक्षक देशों और संवाद साझेदारों को भी आमंत्रित किया गया है। मसूद मलिक का भारत दौरा इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि तीन साल बाद पाकिस्तान का कोई मंत्री भारत आया है।

एयरपोर्ट पर पाकिस्तानी मंत्री का स्वागत

मसूद मलिक शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे। एयरपोर्ट पर भारत में पाकिस्तान हाई कमीशन के प्रभारी साद वाराइच ने उनका स्वागत किया। पाकिस्तान हाई कमीशन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए बताया कि मंत्री दिल्ली पहुंच गए हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक, मसूद मलिक इस मंच पर अपने देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। वह अलग-अलग सत्रों में सभ्यताओं के बीच संवाद की अहमियत और कूटनीति में इसकी भूमिका पर पाकिस्तान का पक्ष रखेंगे। पाकिस्तानी विदेश मंत्रालय ने कहा कि मंत्री अपने संबोधन में SCO में पाकिस्तान की भूमिका और देश की विविध सांस्कृतिक विरासत को भी सामने रखेंगे। 

पीएम मोदी करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन

भारत की मेजबानी में हो रहे इस पहले SCO सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे करेंगे। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि इस आयोजन के लिए पाकिस्तान समेत SCO के सभी सदस्य देशों को निमंत्रण भेजा गया है।जायसवाल ने कहा था कि यह SCO के दायरे में आयोजित एक बहुपक्षीय कार्यक्रम है। भारत ने सदस्य देशों के अलावा पर्यवेक्षक देशों और संवाद साझेदारों को भी इसमें शामिल होने का न्योता दिया है।

मोदी के प्रस्ताव से शुरू हुई पहल

इस मंच की शुरुआत के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित SCO शिखर सम्मेलन में दिया गया प्रस्ताव है। उन्होंने संगठन के तहत सभ्यताओं के बीच संवाद के लिए एक अलग मंच बनाने का सुझाव दिया था। बाद में बिश्केक घोषणा में इस प्रस्ताव का स्वागत किया गया। भारत का मानना है कि इस पहल के जरिए क्षेत्र के देशों को अपनी साझा सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत पर चर्चा करने का अवसर मिलेगा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी 20 अक्टूबर को ताजिकिस्तान के दुशांबे में SCO देशों के शासनाध्यक्षों की बैठक के दौरान भारत में इस पहले मंच के आयोजन की योजना की घोषणा की थी।

संगीत, कला और महाभारत की विरासत भी दिखेगी

तीन दिवसीय कार्यक्रम में सिर्फ कूटनीतिक चर्चा ही नहीं होगी, बल्कि भारत की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित किया जाएगा। उद्घाटन समारोह में 'Civilisations in Conversation - Cultural Show' नाम से विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति होगी। इसमें संगीत, नृत्य, दृश्य कहानी और कथावाचन के जरिए भारत और यूरेशिया की सांस्कृतिक कड़ियों को दिखाया जाएगा। इसकी थीम 'वसुधैव कुटुंबकम - विश्व एक परिवार है' रखी गई है।इसके अलावा 'ASTITVA - The Essence of Our Existence' नाम से प्रदर्शनी लगाई जाएगी। इसमें भारत की पुरातात्विक, कलात्मक और साहित्यिक विरासत को प्रदर्शित किया जाएगा। दिल्ली के इतिहास को 1200 ईसा पूर्व से 1200 ईस्वी तक के पुरातात्विक साक्ष्यों के जरिए समझाने की कोशिश होगी। इसमें खुदाई से मिले अवशेष, कलाकृतियां और वास्तुकला से जुड़े नमूने शामिल होंगे।

21 और 22 नवंबर को होंगे चार विशेष सत्र

आयोजन के अगले दो दिनों यानी 21 और 22 नवंबर को चार विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें विद्वान, शिक्षाविद, विशेषज्ञ और सांस्कृतिक प्रतिनिधि हिस्सा लेंगे। चर्चा के प्रमुख विषयों में संगीत, प्रदर्शन कला, वस्त्र, खानपान और पारंपरिक खेलों जैसी सांस्कृतिक अभिव्यक्तियां शामिल हैं। इसके अलावा कला और वास्तुकला की साझा परंपराओं, भाषाओं और साहित्यिक विरासत, लिपियों व पांडुलिपियों तथा मठों से जुड़े ऐतिहासिक मार्गों और दार्शनिक परंपराओं पर भी विचार-विमर्श होगा।

SCO में भारत और पाकिस्तान समेत 10 सदस्य देश

शंघाई सहयोग संगठन में कुल 10 सदस्य देश हैं। इनमें भारत, पाकिस्तान, चीन और रूस के अलावा अन्य क्षेत्रीय देश भी शामिल हैं। भारत वर्ष 2017 में इस संगठन का पूर्ण सदस्य बना था। पाकिस्तान फिलहाल 2026-27 कार्यकाल के लिए SCO के राष्ट्राध्यक्षों की परिषद की अध्यक्षता कर रहा है। इस दौरान इस्लामाबाद में मंत्रिस्तरीय बैठकें, विशेषज्ञ समूहों की चर्चा और अन्य गतिविधियां आयोजित की जानी हैं। ऐसे में दिल्ली के इस मंच में पाकिस्तान की भागीदारी संगठन के भीतर दोनों देशों की मौजूदगी और बहुपक्षीय संवाद के लिहाज से महत्वपूर्ण है।

यह भी पढ़ें: भारत आएंगे नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह, PM मोदी के साथ होगी अहम बैठक; इन मुद्दों पर होगी चर्चा