दिल्ली के द्वारका स्थित मणिपाल अस्पताल में डॉक्टरों ने 20 साल की एक छात्रा के पेट से करीब 1.16 किलो वजन का बालों का बड़ा गुच्छा निकाला। डॉक्टरों के मुताबिक, छात्रा करीब 11 साल से अपने बाल खा रही थी। लंबे समय तक बाल निगलने की वजह से ये धीरे-धीरे उसके पेट में जमा होते गए और बाद में एक बड़ी और सख्त गांठ का रूप ले लिया।

पेट दर्द, उल्टी और कमजोरी से हुई परेशानी

छात्रा को कुछ दिनों से पेट में तेज दर्द की शिकायत थी। इसके साथ ही उसे लगातार उल्टी और जी मिचलाने की समस्या भी हो रही थी। वह काफी समय से ठीक से खाना नहीं खा पा रही थी, जिसके कारण उसका वजन कम होने लगा था। कमजोरी भी लगातार बढ़ रही थी।

इन लक्षणों के बाद छात्रा को अस्पताल लाया गया। डॉक्टरों ने जांच के दौरान उसके पेट में एक सख्त गांठ महसूस की। इसके बाद एंडोस्कोपी की गई, जिसमें पेट के अंदर बड़ी मात्रा में बाल जमा होने की जानकारी सामने आई।

बचपन से थी बाल खाने की आदत

डॉक्टरों से बातचीत के दौरान छात्रा ने बताया कि वह करीब 11 साल से अपने बाल खा रही थी। यह आदत उसे बचपन से थी और समय के साथ यह लगातार जारी रही। बाल पेट में जमा होते गए और आपस में उलझकर एक बड़े गुच्छे में बदल गए। डॉक्टरों के अनुसार, बाल सामान्य भोजन की तरह पच नहीं पाते। लगातार बाल निगलने पर वे पेट में जमा होते रहते हैं और धीरे-धीरे आपस में उलझकर सख्त गांठ बना सकते हैं।

एंडोस्कोपी से निकालना हुआ मुश्किल

मणिपाल अस्पताल के सर्जरी विभाग के प्रमुख डॉ. संदीप अग्रवाल के मुताबिक, बालों का गुच्छा काफी बड़ा और सख्त हो चुका था। ऐसे में सामान्य एंडोस्कोपी के जरिए इसे निकालना संभव नहीं था। इसके बाद डॉक्टरों ने सर्जरी करने का फैसला किया।

सर्जरी के दौरान पेट में छोटा चीरा लगाकर बालों के पूरे गुच्छे को सावधानी से बाहर निकाला गया। इसका वजन करीब 1.16 किलो था और यह पेट के बड़े हिस्से में फैला हुआ था। डॉक्टरों ने गुच्छे को निकालते समय पेट की अंदरूनी परत को नुकसान से बचाने का विशेष ध्यान रखा।

खाने की नली से छोटी आंत की ओर तक पहुंचा था गुच्छा

डॉक्टरों के मुताबिक, बालों का गुच्छा इतना बड़ा हो गया था कि उसका असर केवल पेट तक सीमित नहीं रहा। यह खाने की नली और पेट के जोड़ से लेकर छोटी आंत की ओर जाने वाले रास्ते तक पहुंच गया था। इस वजह से छात्रा को खाना खाने में परेशानी और पाचन संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था।

ये भी पढ़ें:  'ज़्यादा आत्मनिर्भरता, ज़्यादा सुरक्षा...', BRICS को लेकर जयशंकर का बड़ा बयान

क्या है ट्राइकोफेजिया?

अपने बालों को लगातार निगलने की आदत को मेडिकल भाषा में ट्राइकोफेजिया कहा जाता है। लंबे समय तक बाल खाने से पेट में बालों का गुच्छा बन सकता है, जिसे ट्राइकोबेजोअर कहा जाता है। अगर ऐसी आदत बार-बार होती है और उसके साथ पेट दर्द, उल्टी, भूख कम लगना या वजन घटने जैसे लक्षण दिखाई दें, तो चिकित्सकीय जांच जरूरी हो सकती है।