Noida Crime News: नोएडा में पूजा-पाठ के बाद मनोकामना पूरी नहीं होने से नाराज दो युवकों पर पंडित को बंधक बनाने और उसके परिवार से एक लाख रुपये की मांग करने का आरोप लगा है। कई दिनों तक पंडित के घर नहीं लौटने के बाद परिजनों ने पुलिस से शिकायत की। मामले की जांच के बाद नोएडा पुलिस ने जौनपुर पहुंचकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर पंडित को सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से एक .315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद हुआ है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।
पूजा कराने जौनपुर गए थे पंडित
मामला नोएडा के सेक्टर-113 थाना क्षेत्र से जुड़ा है। पुलिस के अनुसार सेक्टर-73 स्थित सर्फाबाद में रहने वाले अनिल कुमार तिवारी पूजा-पाठ कराकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं।बताया गया कि 5 सितंबर 2026 को अनिल कुमार तिवारी पूजा कराने के लिए जौनपुर गए थे। इसके बाद वह वापस नहीं लौटे। आरोप है कि जौनपुर में ही कुछ लोगों ने उन्हें बंधक बना लिया और उनके बेटे से पिता को छोड़ने के बदले पैसों की मांग की।जब परिवार को अनिल तिवारी के बंधक बनाए जाने की जानकारी मिली तो उन्होंने पुलिस से संपर्क किया। इसके बाद सेक्टर-113 थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस से आरोपियों तक पहुंची पुलिस
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस और गोपनीय सूचना की मदद ली। जांच के आधार पर पुलिस टीम ने 11-12 सितंबर के बीच जौनपुर के मुकिया मार्केट के पास कार्रवाई की।यहां से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनकी पहचान आशीष यादव उर्फ बाबा और प्रवेश यादव उर्फ गोरे के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से पंडित अनिल तिवारी को भी सुरक्षित बरामद कर लिया।
मनोकामना पूरी नहीं होने से नाराज थे आरोपी
पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने पहले अनिल तिवारी से धार्मिक अनुष्ठान कराया था। आरोपियों का कहना है कि पूजा-पाठ कराने के बावजूद उनकी मनोकामना पूरी नहीं हुई।इसी बात को लेकर दोनों कथित तौर पर नाराज हो गए। पुलिस के अनुसार, इसके बाद उन्होंने पूजा में खर्च हुए पैसे वापस लेने के लिए अनिल तिवारी को दोबारा जौनपुर बुलाया। वहां उन्हें बंधक बनाकर परिवार से रकम की मांग की गई।पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पंडित के परिजनों से एक लाख रुपये की मांग की थी।
तमंचा, कारतूस और चाकू बरामद
गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक चाकू बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है।