Hockey World Cup 2026: भारतीय टीम अपने 51 साल के खिताबी सूखे को खत्म करने के लिए 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ मैदान पर उतरेगी। भारत आखिरी बार वर्ल्ड चैंपियन साल 1975 में बना था, जब उसने फाइनल में पाकिस्तान को 2-1 से हराया था।
अब हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारत 51 साल पुराना इतिहास दोहराने के लिए दोबारा मैदान पर उतरेगी। इस बार टूर्नामेंट नीदरलैंड्स और बेल्जियम की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। लेकिन भारतीय फैंस इस टूर्नामेंट को कहां और कैसे लाइव देख सकते हैं, चलिए आपको विस्तारपूर्वक बताते हैं।
कहां खेले जाएंगे मुकाबले?
इस बार हॉकी वर्ल्ड कप 2026 की मेजबानी का मौका नीदरलैंड्स और बेल्जियम को दिया गया है। इस टूर्नामेंट के मुकाबले बेल्जियम के वाव्रे स्थित बेलफियस हॉकी एरिना और नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन स्थित वैगनर स्टेडियम में खेले जाएंगे। आपको बताते हैं कि भारत ने राजगीर में आयोजित एशिया कप 2025 में खिताब जीतकर वर्ल्ड कप 2026 के लिए क्वालीफाई किया है। वहीं, हरमनप्रीत सिंह की कप्तानी में भारतीय टीम अपना दूसरा विश्व कप खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगा।
यहां देख सकते हैं लाइव मैच
इस बार हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का सीधा प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर किया जाएगा। टीवी पर आप ये मैच स्टार स्पोर्ट्स सिलेक्ट 2, स्टार स्पोर्ट्स खेल पर देख सकते हैं, जबकि मोबाइल पर लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार ऐप पर की जाएगी। वहीं, डीडी स्पोर्ट्स पर भी इस मैच का सीधा प्रसारण किया जाएगा।
कब-कब होंगे भारत के मैच?
भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 15 अगस्त को वेल्स के साथ खेलेगी। यह मैच नीदरलैंड्स के अम्सटेलवीन स्थित वैगनर हॉकी स्टेडियम में भारतीय समयानुसार शाम 4:30 बजे से शुरू होगा। इसके बाद 17 अगस्त को भारत का सामना रैंकिंग में नंबर तीन पर मौजूद इंग्लैंड से होगा, जिनसे भारत को कड़ी चुनौती मिल सकती है। जबकि 19 अगस्त को टीम इंडिया का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा।
ये भी पढ़ें- 51 साल का इंतजार इस बार होगा खत्म! हॉकी विश्व कप 2026 से पहले कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भरी हुंकार
Written By Aman Sharma