DPL 2026: क्रिकेट मैच के दौरान जब कभी बल्लेबाज तेजी से सीधा शॉट्स खेलते हैं तो यह कई बार गेंदबाज, नॉन स्ट्राइकर बैट्संमैन या फिर अंपायर चोटिल हो जाते हैं। एक ऐसा ही ताजा मामला दिल्ली में खेली जा रही दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में देखने को मिला, जहां बल्लेबाज ने तेजी से स्ट्रेट ड्राइव लगाया और गेंद अंपायर के कान पर जा लगी। गेंद इतनी तेजी से जाकर लगी थी कि अंपायर ने तुरंत मेडिकल सहायता की ओर इशारा किया, जबकि गेंद लगने के बाद बल्लेबाज ने भी अपना बल्ला छोड़, अपना सिर पकड़ लिया। मानों उनको भी यकीन नहीं हुआ कि आखिर ये हुआ क्या।
बल्लेबाज ने किया अंपायर को घायल
यह घटना ईस्ट दिल्ली राइडर्स और न्यू दिल्ली टाइगर्स के बीच खेले गए एक मुकाबले में घटी थी। न्यू टाइगर्स के बल्लेबाज लक्ष्य थरेजा ने लेफ्ट आर्म स्पिनर आशीष मीना की फ्लाइटेड गेंद पर स्ट्रेट ड्राइव लगाया, लेकिन शॉट सीधा अंपायर धर्मेश भारद्वाज के जाकर लगी। अंपायर को गेंद लगने के बाद लक्ष्य ने तुरंत अपना बैट छोड़ दिया और अपना सिर पकड़ लिया, मानों की वह कह रहे हों कि ये क्या हुआ। हालांकि, इसमें कही ना कही गेंदबाज की गलती भी कही जा सकती है, क्योंकि पहले उन्होंने गेंद को पकड़ने का प्रयास किया था, लेकिन अचानक से उन्होंने अपना हाथ पीछे खींच लिया, जिससे अंपायर धर्मेश भारद्वाज को वहां से हटने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया। बता दें कि, यह घटना टारगेट का पीछा करते हुए पारी के18वें ओवर में घटी थी।
View this post on Instagram
ICU में करवाया भर्ती
मैच में गेंद लगने के बाद रिपोर्ट्स में यह कहा जा रहा है कि अंपायर धर्मेश भारद्वाज को इंटेंसिव केयर यूनिट (ICU) में भर्ती करवाया गया, जहां पर उनको डॉक्टरों ने उनकी जांच की। बता दें कि, दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 में यह कोई पहला मामला नहीं था, जब अंपायरिंग के दौरान धर्मेश भारद्वाज चोटिल हुए हैं। इससे पहले ग्रुप स्टेज के मैच के दौरान एक स्ट्रेट ड्राइव उनके कंधें पर जा लगी थी तो इस बार गेंद उनके कान पर जा लगी। यानी धर्मेश एक सीजन में दो बार गेंद लगने से चोटिल हो चुके हैं। हालांकि, अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि उनको अभी भी अस्पताल में रखा हुआ है कि जांच करने के बाद उनको छुट्टी दे दी गई।
ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने जीता मैच
दिल्ली प्रीमियर लीग 2026 के मुकाबले की बात करें तो यह मैच दिल्ली में स्थित अरुण जेटली स्टेडियम में खेला गया था। मैच में न्यू दिल्ली टाइगर्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। पहले बैटिंग करने उतरी ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने मयंक रावत की शानदार 40 रन की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 192 रन बनाए थे, जिसके जवाब में न्यू दिल्ली टाइगर्स की पारी 19.2 ओवर में 156 रन पर सिमट गई। एनडीटी की ओर से आशीष मीना और मयंक यादव ने तीन-तीन विकेट चटकाए तो दीपक पुनिया के खाते में दो सफलताएं आईं। वहीं, एक विकेट कप्तान सिमरजीत सिंह के खाते में आया। ईडीआर ने यह मैच 36 रन से जीत लिया।
ये भी पढ़ें- अर्धशतक के बाद मैदान पर फूट-फूट कर रोने लगे Nitish Rana, अंपायर समेत साथी खिलाड़ियों ने संभाला
Written By Aman Sharma