Saransh Jain: रविवार, 23 अगस्त से कोलंबो में भारत और श्रीलंका के बीच श्रृंखला का दूसरा टेस्ट खेला जाएगा। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने इससे पहले गॉल टेस्ट में शानदार प्रदर्शन किया था और 165 रन की धमाकेदार जीत दर्ज की थी।
अब गिल एंड कंपनी की नजरें दूसरे टेस्ट में जीतकर सीरीज क्लीन स्वीप करने पर होगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, दूसरे टेस्ट में ऑफ स्पिन सारांश जैन भारत के लिए पदार्पण कर सकते हैं। 33 साल के इस खिलाड़ी को केवल एक वजह से कोच गौतम गंभीर डेब्यू करने वाले लिए तैयार हो सकते हैं। चलिए आपको बताते हैं क्या है वह वजह।
क्यों होगी सारांश जैन की एंट्री?
बाएं हाथ के बल्लेबाज और दाएं हाथ से ऑफ स्पिन गेंदबाजी करने वाले सारांश जैन को श्रीलंका के खिलाफ दो टेस्ट मैच की सीरीज के लिए स्क्वाड में शामिल किया था, लेकिन पहले टेस्ट में उनको खेलने का मौका नहीं मिला था। सारांश से पहले टीम मैनेजमेंट ने कुलदीप यादव पर दांव लगाया था, लेकिन उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं था।
वहीं, दूसरे टेस्ट में श्रीलंकाई टीम अधिक लेफ्ट हैंड बल्लेबाजों को प्लेइंग इलेवन में खिला सकती है और इसी की काट सारांश जैन भारत के लिए बन सकते हैं। यही वजह है कि सारांश की टीम में एंट्री की संभावना है। वहीं, सारांश अगर आते हैं तो फिर कुलदीप यादव का पत्ता कट सकता है।
श्रीलंका स्क्वाड में 6 लेफ्टी
दूसरे टेस्ट के लिए श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड ने नई 14 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है, जिसमें 6 बाएं हाथ के बल्लेबाजों को शामिल किया है। कामिल मिशारा, कामिंडु मेंडिस, सहान अराछिगे, सोनल दिनुशा, निरोशन डिकवेला, मिलन रत्नायके के रूप में श्रीलंका के पास तीन लेफ्ट हैंड बल्लेबाज हैं, जिनको चयनकर्ताओं ने अपनी प्लेइंग इलेवन में शामिल किया है। हालांकि, देखना होगा कि श्रीलंका की यह रणनीति उनको दूसरे टेस्ट में जीत दिला पाती है या फिर नहीं।
ये भी पढ़ें- IPL 2027 में किसको मिलेगी कोलकाता नाइट राइडर्स की कप्तानी? दौड़ में हार्दिक समेत ये 3 नाम शामिल
पहले टेस्ट में मानव-जडेजा का जलवा
गॉल टेस्ट में भारतीय टीम की जीत के हीरो गेंदबाजी में बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार रहे थे। उन्होंने पहली पारी में चार बल्लेबाजों को चलता किया था तो दूसरी पारी में 6 विकेट चटकाए थे। उनके इस प्रदर्शन के दम पर भारत ने 165 रन से मैच जीत लिया था।
मानव के अलावा रवींद्र जडेजा ने पहली पारी में 3 और दूसरी पारी में 1 विकेट लिया था तो एक सफलता कुलदीप यादव के खाते में गई थी। यानी पहले टेस्ट में श्रीलंका के 15 विकेट केवल लेफ्ट आर्म स्पिनरों ने लिए थे और यही वजह है कि श्रीलंका दूसरे टेस्ट में अधिक लेफ्ट हैंडर्स को मौका दे सकती है।
ये भी पढ़ें- पूर्व भारतीय बल्लेबाज की ऋषभ पंत को खास सलाह, दिखाया वनडे-टी20 टीम में वापसी का रास्ता