Saransh Jain: भारत-श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैच की सीरीज का दूसरा मुकाबला इस समय कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब (SSC) में खेला जा रहा है। भारतीय टीम ने दूसरे टेस्ट में कुलदीप यादव के स्थान पर सारांश जैन को प्लेइंग इलेवन का मौका दिया है, जो कि इनका डेब्यू मैच है।

लेकिन, अपनी पहली पारी में वह बल्ले से कोई बड़ा धमाल नहीं कर सके और सिर्फ 6 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। बता दें कि, इस मैच में सारांश को बतौर ऑलराउंडर मौका दिया गया है और यही वजह थी कि उनको बैटिंग के लिए ध्रुव जुरेल से पहले भेजा गया था।

पहली पारी में नहीं कर सके कमाल

पहले दिन के अंतिम सत्र में रवींद्र जडेजा के आउट होने के बाद सारांश जैन को बैटिंग के लिए भेजा गया था। पहले दिन सारांश ने अपने करियर की दूसरी गेंद पर ही असिथ फर्नांडा की गेंद पर शानदार चौका जड़ा था। यह देखकर लग रहा था कि वह मैच में बड़ी पारी खेल सकते हैं।

हले दिन का खेल खत्म होने के बाद दूसरी दिन सारांश बैटिंग के लिए उतरे, लेकिन दिन के दूसरे ही ओवर में वह सिर्फ 6 रन बनाकर आउट हो गए। सारांश ने अपने इंटरनेशनल करियर की पहली पारी में 8 गेंदों पर 6 रन बनाए थे, जिसमें एक चौका शामिल था। 

स्लिप में पकड़ा शानदार कैच

पारी के 87वें ओवर की पांचवीं गेंद पर सारांश जैन असिथ फर्नांडा का शिकार बने। गेंद उनके बल्ले का बाहरी किनारा लेकर दूसरे स्लिप पर तैनात कामिल मिशारा के हाथों में चली गई। उन्होंने शानदार डाइव लगाकर कैच पकड़ा।

बता दें कि, असिथ ने सारांश को बैक ऑफ लेंथ डिलीवरी ऑफ स्टंप के बाहर फेंकी थी जो कि अंदर की ओर आई और सारांश ने अपना बल्ला जल्दी बंद कर लिया। बल्ले के किनारे से लगकर गेंद उनकी बाईं ओर दूसरे स्लिप फील्डर के पास गई, और कामिल मिशारा ने डाइव लगाकर बेहतरीन कैच लपक लिया।

ये भी पढ़ें- यशस्वी जायसवाल की फाइट ने बढ़ाई टीम इंडिया की मुश्किलें, इतने मैचों का लग सकता है बैन, खतरे में करियर!

Saransh Jain से गेंदबाजी में होगी उम्मीद

सारांश जैन को दूसरे टेस्ट की प्लेइंग इलेवन में उनकी बल्लेबाजी से अधिक उनकी गेंदबाजी के लिए शामिल किया गया है। वह भारत की एकादश में एकमात्र ऑफ स्पिनर हैं, जिनसे गेंदबाजी की पहली पारी में विकेट की उम्मीद होगी।

बता दें कि, सारांश का घरेलू करियर गेंदबाजी में शानदार रहा है और यही वजह थी कि वाशिंगटन सुंदर के चोटिल होने के बाद चयनकर्ताओं ने मध्यप्रदेश के इस खिलाड़ी को मौका दिया है। हालांकि, सारांश पहले टेस्ट में बेंच पर बैठे थे, लेकिन कुलदीप यादव की तबीयत खराब होने के बाद टीम प्रबंधन ने हरफनमौला खिलाड़ी पर दाव लगाया है।

रणजी ट्रॉफी 2025-26 में दिखाई थी काबिलियत

सारांश जैन ने भारत की प्रतिष्ठित रणजी ट्रॉफी 2025-26 में गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन किया था। 33 वर्षींय खिलाड़ी ने 7 मैच की 13 पारियों में 20.43 की शानदार औसत के साथ 30 विकेट झटके थे। इस दौरान उन्होंने एक पारी में फाइव विकेट हॉल और दो बार फॉर विकेट हॉल लिया था।

रणजी ट्रॉफी में सारांश ने 46.50 के स्ट्राइक रेट से सभी 30 विकेट निकाले थे। अब देखना होगा कि श्रीलंका के खिलाफ स्पिन फ्रेंडली विकेट पर पहली पारी में कितने विकेट चटकाने में सफल होते हैं।

ये भी पढ़ें- सारांश जैन ने टेस्ट क्रिकेट के लिए दिया था आईपीएल का बलिदान, बीच में छोड़ी थी केकेआर टीम, पूर्व कोच ने किया बड़ा खुलासा