IND vs SL 1st Test: आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के तहत भारत और श्रीलंका के बीच दो टेस्ट मैच की सीरीज खेली जा रही है। सीरीज के पहले टेस्ट की पहली पारी में भारत ने स्कोर बोर्ड पर 462 रन बनाए हैं, जिसके जवाब में श्रीलंका की आधी पारी 90 के स्कोर पर पवेलियन लौट चुकी है। पहले टेस्ट में भारत ड्राइविंग सीट पर नजर आ रहा है, लेकिन इस मैच के तीसरे दिन भारत की गेंदबाजी से अधिक चर्चा ऑन फील्ड अंपायर रॉड टकर की हो रही है। दरअसल मैच के दूसरे दिन आखिरी सत्र में वरिष्ठ अंपायर रॉड टकर को अचानक से मैदान के बाहर जाना पड़ा था और मैच के तीसरे दिन भी वह अंपायरिंग करने के लिए मैदान पर नहीं आए।
क्यों नहीं आए रॉड टकर?
अंपायरिंग में रॉड टकर का जाना-माना नाम है। वह भारतीय टीम के कई मैचों में अंपायरिंग कर चुके है। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया के पूर्व खिलाड़ी और सीनियर अंपायर रॉड टकर की तबीयत ठीक नहीं है और यही वजह रही कि मैच के दूसरे दिन के अंतिम सत्र में उनको मैदान के बाहर जाना पड़ा था। जबकि तीसरे दिन भी वह तबीयत ठीक नहीं होने के कारण अंपायरिंग करने नहीं आए। बता दें कि, उनकी गैर-मौजूदगी में टीवी अंपायर अहसान रजा मैदानी अंपायर की भूमिका संभाल रहे हैं।
आयोजकों ने दी जानकारी
रॉड टकर की तबीयत खराब होने के कारण तीसरे दिन अंपायरिंग नहीं कर रहे हैं। क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, आयोजनों ने बताया,“रॉड टकर आज अंपायरिंग नहीं कर रहे हैं। उनकी जगह अहसानरजा, जो टीवी अंपायर थे, वह मैदान पर हैं।” हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हुआ है कि टकर शेष बचे दिनों में अंपायरिंग करते नजर आएंगे या फिर उनकी जगह टीवी अंपायर अहसानरजा ही ऑन फील्ड अंपायरिंग की कमान संभालेंगे।
पहले टेस्ट में भारत आगे
भारत-श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट की बात करें तो टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 462 रन का विशालकाय स्कोर खड़ा किया था। पहली पारी में भारत की ओर से देवदत्त पडिक्कल (167) ने शानदार शतक जड़ा था तो केएल राहुल (82) और ध्रुव जुरेल (51) के बल्ले से अर्धशतकीय पारियां देखने को मिली थीं। भारत के 462 के जवाब में श्रीलंका ने अपने पांच विकेट महज 90 के स्कोर पर गंवा दिए हैं। प्रसिद्ध को छोड़कर सभी गेंदबाजों का खाता खुल चुका है।
ये भी पढ़ें- 462 रन पर सिमटी भारत की पहली पारी, देवदत्त पडिक्कल ने ठोका शतक, केएल-ध्रुव ने जड़ा पचासा
Written By Aman Sharma