Rishabh Pant: शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने श्रीलंका के खिलाफ पहले दिन की समाप्ति तक दो विकेट के नुकसान पर 288 रन स्कोर बोर्ड पर लगा दिए हैं। श्रृंखला के पहले टेस्ट में कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था और उनके बल्लेबाजों ने यह बिल्कुल सही साबित किया।  दिन का खेल खत्म होने तक देवदत्त पडिक्कल (131) और ऋषभ पंत (27) नाबाद रहे। पहली पारी में दर्शकों के आकर्षण का केंद्र ऋषभ पंत का एक सिक्स रहा, जिसने साउथ अफ्रीका के दिग्गज ऑलराउंडर जैक कैलिस का वर्षो पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिया।

पंत ने तोड़ा जैक कैलिस का रिकॉर्ड

भारतीय टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने गॉल टेस्ट के पहले दिन जैसे ही अपनी पारी में एक छक्का लगाया तो इसके साथ ही वह टेस्ट के छक्के लगाने की दौड़ में प्रोटियाज दिग्गज जैक कैलिस से आगे निकल गए। जैक ने अपने शानदार 166 मैचों के टेस्ट करियर में कुल 97 छक्के लगाए थे। पंत टेस्ट में अब तक कुल 51 टेस्ट खेल चुके हैं, जिसमें उनके बल्ले से 98 छक्के देखने को मिल चुके हैं।  पंत टेस्ट में सर्वाधिक छक्के लगाने की सूची में चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं।  हालांकि, टेस्ट क्रिकेट में क्रिस गेल और टिम साउथी के भी 98-98 सिक्स हैं। अगर वह खेल के दूसरे दिन एक और सिक्स लगाते हैं तो इन दोनों खिलाड़ियों से आगे निकल जाएंगे।

छक्कों के शतक से दो सिक्स दूर

गॉल टेस्ट की पहली पारी में पंत के पास छक्कों का शतक पूरा करने का शानदार मौका होगा। दरअसल, पंत के टेस्ट क्रिकेट में अभी तक 98 छक्के हो चुके हैं। अगर वह खेल के दूसरे दिन दो सिक्स और लगाने में कामयाब होते हैं तो फिर वह भारत की ओर से टेस्ट प्रारूप में 100 सिक्स लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन जाएंगे। यह पंत के लिए टेस्ट क्रिकेट में काफी बड़ी उपलब्धि होगी। वहीं, अगर वह गॉल टेस्ट में 100 छक्के पूरे कर लेते हैं तो यह उपलब्धि हासिल करने वाले दुनिया के सिर्फ चौथे बल्लेबाज होंगे। उनसे पहले ये कारनामा सिर्फ बेन स्टोक्स, ब्रेंडन मैकुलम, एडम गिलक्रिस्ट ने किया है।

इन बल्लेबाजों ने लगाए हैं टेस्ट में 100 छक्के

टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में अभी तक सिर्फ 3 बल्लेबाजों ने 100 या उससे अधिक छक्के लगाए हैं। इस लिस्ट में शीर्ष स्थान पर इंग्लैंड के पूर्व टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स काबिज है, जिन्होंने 122 टेस्ट की 220 पारियों में 138 सिक्स लगाए हैं। इसके बाद दूसरे स्थान पर न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान ब्रेंडन मैकुलम का नाम है, जिन्होंने 101 टेस्ट की 176 पारियों में 107 छक्के मारे हैं।

लिस्ट में तीसरे पायदान पर 100 छक्कों के साथ ऑस्ट्रेलिया के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट मौजूद हैं। गिलक्रिस्ट ने यह उपलब्धि 96 टेस्ट की 137 पारियों में हासिल की थी। अब पंत के पास न सिर्फ 100 छक्के मारने का मौका होगा, बल्कि वह भविष्य में बेन स्टोक्स के सर्वाधिक सिक्स के रिकॉर्ड को भी ध्वस्त कर सकते हैं।

ये भी पढ़ें- "7:29 बजे से मुझे रिटायर समझिए" 15 अगस्त को एमएस धोनी का हुआ रिटायरमेंट

Written By Aman Sharma