Pakistan Team Blunder: क्रिकेट का मैदान हो या फिर हॉकी का मंच, पाकिस्तान टीम की बेइज्जती न हो ऐसा हो ही नहीं सकता है। सालों से क्रिकेट वर्ल्ड कप में शर्मसार होने वाली पाकिस्तान की टीम अब हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में भी इससे नहीं बच सकी। दरअसल, इस समय नीदरलैंड्स और बेल्जियम की संयुक्त मेजबानी में हॉकी वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन किया जा रहा है।

इस टूर्नामेंट में पाकिस्तान की पुरुष हॉकी टीम का ओपनिंग मैच मजबूत इंग्लैंड के साथ हुआ था। उम्मीद थी कि पाकिस्तानी टीम इंग्लिश टीम को कड़ी चुनौती पेश करेगी, लेकिन यहां भी पाकिस्तानियों का प्रदर्शन खराब रहा। हालांकि, हार से पहले पाकिस्तान की टीम ने एक ऐसी गलती भी की, जिसकी उम्मीद शायद किसी ने नहीं की थी। चलिए आपको बताते हैं क्या थी वह गलती, जिसके कारण पाकिस्तान को बड़े मंच पर सबके सामने शर्मसार होना पड़ा।

सिर्फ पाकिस्तानी कर सकते हैं ये गलती

आमतौर पर जब खिलाड़ी मैदान पर जाते हैं तो अपनी किट और खेल का सामना अपने साथ लेकर जाते हैं। लेकिन इस मुकाबले में पाकिस्तान की टीम अपना पेनल्टी कॉर्नर प्रोटेक्टिव गियर चेंजिंग रूम में भी छोड़कर चले, जिसके बाद पाकिस्तानी टीम का सोशल मीडिया पर जमकर मजाक उड़ाया जा रहा है। खास बात ये है कि इस गलती को किसी और ने नहीं बल्कि पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान अकबर ने अपने सोशल मीडिया पेज पर शेयर किया है और अपने ही देश के खिलाड़ियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई है। वहीं, मैच में इस शर्मनाक हरकत के कारण टीम के मौजूदा कप्तान अबू बक्र को ग्रीन कार्ड दिया गया, जिसके कारण उनको दो मिनट के लिए खेल से बाहर बैठना पड़ा।

पूर्व कप्तान ने सुनाई खरी-खोटी

सोशल मीडिया मंच पर पाकिस्तान के पूर्व कप्तान सलमान अकबर ने पाकिस्तानी हॉकी टीम को फटकार लगाते हुए लिखा वाह! पाकिस्तान हॉकी के इतिहास में एक और अप्रिय घटना। एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 के उद्घाटन मैच में इंग्लैंड के खिलाफ, पाकिस्तानी टीम पेनल्टी कॉर्नर के लिए ज़रूरी सुरक्षा उपकरण ड्रेसिंग रूम में ही भूल गई। नतीजतन, कप्तान को पेनल्टी कार्ड दिखा दिया गया। अंतरराष्ट्रीय हॉकी के सबसे बड़े मंच पर पेनल्टी कॉर्नर के लिए ज़रूरी सुरक्षा उपकरण भूल जाना कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। तैयारी सिर्फ रणनीति, फिटनेस और कौशल तक ही सीमित नहीं होती। इसमें अनुशासन और संगठन भी शामिल होता है।

पहले मैच में पाकिस्तान को मिली शिकस्त

पहले मैच में पाकिस्तान हॉकी टीम की सबसे बड़ी भूल को दरकिनार कर जाए तो मैच में भी उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा । पूर्व चैंपियन पाकिस्तान को इंग्लैंड ने मुकाबले में 4-1 की शर्मनाक हार थमाई। पूरे मैच के अंदर पाकिस्तानी टीम सिर्फ संघर्ष करती नजर आई और इसका नतीजा उनको हार के साथ उठाना पड़ा। अब पाकिस्तान की अगली भिड़ंत 17 अगस्त को वेल्स के साथ होगी तो 19 अगस्त को पाकिस्तान और भारत का सुपर हिट मुकाबला खेला जाएगा, जिसका इंतजार तमाम खेल प्रेमी कर रहे हैं। बता दें कि, पाकिस्तान के लिए अगले दोनों मुकाबले करो या मरो वाले होंगे, क्योंकि एक भी हार उनको अगले दौर में पहुंचने से रोक सकती है।

ये भी पढ़ें- ‘वह भगवान का भेजा हुआ तोहफा है…’देवदत्त पडिक्कल के शतक के बाद पूर्व खिलाड़ी ने दिया बड़ा बयान, बताया नंबर-3 का सही हकदार

Written By Aman Sharma