Hockey World Cup 2026: स्वतंत्रता दिवस के खास अवसर पर भारतीय हॉकी टीम ने देशवासियों को बेहद खास तोहफा दिया है। 15 अगस्त, शनिवार को नीदरलैंड्स के एम्स्टेलवीन में स्थित वैगनर स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में हरमनप्रीत एंड कंपनी ने वेल्स को 3-1 से हराकर शानदार जीत हासिल कर ली है। पूल डी में शामिल भारत ने हॉकी वर्ल्ड कप 2026 की शुरुआत जीत के साथ की है। भारत की ओर से संजय राणा ने एक और कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो शानदार गोल दागे। वहीं, वेल्स की ओर से एकमात्र गोल सैम वेल्श ने किया था। इस जीत के बाद भारत अपने पूल में शीर्ष स्थान पर पहुंच गया है।
संजय राणा ने खोला भारत का खाता
भारतीय टीम के लिए संजय राणा ने हॉकी वर्ल्ड कप 2026 में पहला गोल किया था। उन्होंने 8वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर के जरिए पहला गोल किया। इसके बाद 11वें मिनट में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने भी पेनल्टी कॉर्नर का पूरा फायदा उठाया और 11वें मिनट में भारत का दूसरा गोल दाग दिया। भारत ने पहले ही क्वार्टर में वेल्स के खिलाफ दमदार बढ़त बना ली थी, जिससे विरोधी टीम पूरी तरह से उबर ही नहीं पाई।
कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने विरोधी गोलकीपर टोबी रेनॉल्ड्स-कॉटरेल को छकाते हुए एक शानदार ड्रैग फ्लिक किया। हालांकि, भारत को 14वें मिनट में एक और पेनल्टी कॉर्नर मिला था, लेकिन इस बार वह गोल करने में सफल नहीं हो सकी। वहीं, दूसरे क्वार्टर में भारतीय टीम ने मौके तो खूब बनाए, लेकिन एक भी गोल करने में सफल न हो सकी। हाफ टाइम तक भारत का स्कोर 2-0 था।
कप्तान ने किए दो गोल
वेल्स के खिलाफ भारत पहले हाफ की समाप्ति तक 2-0 की बढ़त बना चुका था। इसके बाद मैच के 42वें मिनट में कप्तान को एक और पेनल्टी कॉर्नर का मौका मिला। हरमनप्रीत ने गोलकीपर के बाईं ओर ड्रैग-फ्लिक कर एक और शानदार गोल किया। बता दें कि, मैच में यह हरमनप्रीत का दूसरा गोल था तो विश्व कप में उनका यह 8वां गोल था।
कप्तान ये अपना दूसरा वर्ल्ड कप खेल रहे हैं, जिसमें उनका धमाकेदार प्रदर्शन जारी रहा। अब टीम इंडिया की अगली भिड़ंत 17 अगस्त को इंग्लैंड़ के साथ होगी, जिसको जीतकर भारत अगले राउंड में जाना चाहेगी। वहीं, 19 अगस्त को भारत का सामना चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान से होगा, जिसका इंतजार दोनों मुल्कों के प्रशंसक कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें- शतक जड़ देवदत्त पडिक्कल ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड, सचिन-विराट जैसे दिग्गज भी नहीं कर पाए ये काम
Written By Aman Sharma