Josh Hazlewood: ऑस्ट्रेलिया और बांग्लादेश के बीच दो टेस्ट मैच की सीरीज का पहला मैच डार्विन के मरारा स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मैच की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने धमाकेदार प्रदर्शन करते हुए पंजा खोला है। यह उनके टेस्ट करियर का 14वां फाइव विकेट हॉल है, जो कि उन्होंने बांग्लादेश के खिलाफ हासिल किया।
इस पंजे के साथ ही उनके शानदार करियर में एक और उपलब्धि जुड़ गई है। दरअसल, वह टेस्ट क्रिकेट में 300 विकेट लेने वाले 9वें ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज बन गए हैं। बता दें कि, उनसे पहले उनके जोड़ीदार मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और ऑफ स्पिनर नाथन लियोन भी लाल गेंद के खेल में विकेटों का तिहरा शतक पूरा कर चुके हैं।
जोश हेजलवुड ने दिलाई अहम विकेट
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने अपने पहले ही ओवर में शतकवीर तंजिद हसन को अपना शिकार बना लिया था। उस समय वह शून्य के स्कोर पर बल्लेबाजी कर रहे थे, लेकिन नाथन लियोन ने उनका कैच टपका दिया। इसके बाद हेजलवुड ने तंजिद हसन और मोमिनुल हक के बीच हुई अहम साझेदारी को ध्वस्त किया। मोमिनुल ड्राइव करने के कोशिश में विकेट के पीछे आउट हुए। हालांकि, मोमिनुल (49) ने आउट होने से पहले तंजिद के साथ मिलकर दूसरे विकेट के लिए 102 रन की अहम साझेदारी कर ली थी।
पहली पारी में किए 6 शिकार
जोश हेजलवुड ने अपनी घातक गेंदबाजी से बांग्लादेश के छह बल्लेबाजों का शिकार किया था, जिसमें उनके कप्तान नजमुल हुसैन शांतो का नाम भी शामिल है। नजमुल ने आउट होने से पहले अपनी टीम के लिए 84 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली थी। पहली पारी में जोश ने मोमिनुल हक, नजमुल हुसैन शांतो, मेहदी हसन मिराज, हसन महमूद, ताइजुल इस्लाम और इबादत हुसैन को अपना शिकार बनाया था। उन्होंने 28 ओवर की गेंदबाजी में कुल 89 रन देकर छह विकेट हासिल किए थे।
जोश हेजलवुड का शानदार करियर
ऑस्ट्रेलिया के दाएं हाथ के तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड ने अपने देश के लिए अभी तक 77 टेस्ट मैच खेले हैं, जिसकी 144 पारियों में उन्होंने 301 विकेट हासिल किए हैं। जोश ने 24.3 की शानदार औसत से बल्लेबाजों का शिकार किया है तो इस दौरान उनका इकॉनमी रेट सिर्फ 2.78 का है। यानी साफ है कि बल्लेबाजों को वह रन बनाने का मौका बिल्कुल नहीं देते हैं, जबकि अपनी सटीक-लाइन लेंथ से वह बल्लेबाजों को भी परेशानी में डालते हैं।
ये भी पढ़ें- 15 अगस्त पर भारत रचेगा इतिहास, श्रीलंका के खिलाफ 600वें टेस्ट में उतरेगी टीम इंडिया; जान लें हेड टू हेड रिकॉर्ड
Written By Aman Sharma