Mumbai Indians: इंडियन प्रीमियर लीग 2027 से पहले हार्दिक पंड्या की टीम बदलने की खबर ने सभी को चौंका दिया है। साल 2024 में हार्दिक गुजरात टाइटंस से मुंबई इंडियंस में आए थे और आते ही उनको टीम का कप्तान बना दिया गया था। उस समय हार्दिक को काफी आलोचनाओं का सामना भी करना पड़ा था, क्योंकि तत्कालीन कप्तान रोहित शर्मा को हटाने के बाद एमआई और रोहित के फैंस नाराज हो गए थे। हालांकि, अब हार्दिक भी जाने की तैयारी कर चुके हैं तो उनके बाद टीम मैनेजमेंट किसको कप्तान बनाएगा यह देखना होगा। लिस्ट में फिलहाल तीन नाम सबसे आगे चल रहे हैं, जिसमें जसप्रीत बुमराह का कप्तान बनना काफी हद तक पक्का हो सकता है।

तिलक-सूर्या को क्यों नहीं मिलेगी कप्तानी?

आईपीएल 2026 में हार्दिक पंड्या की गैर-मौजूदगी में सूर्यकुमार यादन ने कप्तानी संभाली थी, लेकिन जब बात फुल टाइम कप्तान चुनने की आएगी तो यकीनन एमआई उनमें दिलचस्पी दिखाना नहीं चाहेगी। सूर्या फिलहाल 35 साल के हैं और आईपीएल 2027 के समय उनकी उम्र 36 साल होगी। ऐसे में वह एमआई के लिए अधिकतम एक या दो सीजन और खेल सकते हैं और इतने छोटे अंतराल के लिए एमआई खेमा सूर्या को कमान नहीं सौंपना चाहेगा। वहीं, तिलक वर्मा को उप कप्तान का पद तो मिल सकता है, लेकिन फिलहाल उनका कप्तान बनना मुश्किल है।  तिलक के पास बड़े मुकाबलों में कप्तानी करने का अनुभव नहीं है और जब तक वह इस पद के लिए तैयार नहीं हो जाते हैं, तब तक एमआई किसी दूसरे खिलाड़ी को कप्तान बना सकती है।

जसप्रीत बुमराह पर दांव लगा सकती है एमआई

रोहित शर्मा के बाद जसप्रीत बुमराह को कप्तानी का प्रमुख दावेदार माना जा रहा था, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने हार्दिक को कप्तान बना दिया। अब अगर हार्दिक पंड्या ने एमआई से जाने का मन बना लिया है तो टीम मैनेजमेंट जसप्रीत बुमराह को मुंबई इंडियंस का नया कप्तान बना सकती है। बुमराह ने भारत के लिए दो टी20 मैचों में कप्तानी की है और दोनों ही मैच भारत ने जीते हैं। इसके अलावा आईपीएल 2026 बुमराह ने एक मैच में कप्तानी की थी और उस मैच में भी मुंबई को जीत मिली थी। ऐसे में टीम मैनेजमेंट बुमराह को कप्तान बनाने पर विचार कर सकता है, जो फिलहाल 32 साल के बाद और तीन से चार सीजन एमआई की कप्तानी संभाल सकते हैं।

ये भी पढ़ें- अर्धशतक के बाद मैदान पर फूट-फूट कर रोने लगे Nitish Rana, अंपायर समेत साथी खिलाड़ियों ने संभाला

Written By Aman Sharma