Rohit Sharma vs Shubman Gill ODI Captaincy Stats: जब भी भारत के सर्वश्रेष्ठ वनडे कप्तानों का नाम आता है तो इसमें महेंद्र सिंह धोनी और कपिल देव का नाम शीर्ष पर लिया जाता है। इसके पीछे का मुख्य कारण कपिल देव ने भारत को साल 1983 में पहला एकदिवसीय विश्व कप जिताया था तो साल 2011 में महेंद्र सिंह धोनी ने आईसीसी वर्ल्ड कप और 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी जिताई थी।
हालांकि, इन दो के अलावा रोहित शर्मा भी भारत के सर्वश्रेष्ठ वनडे कप्तानों में अपनी जगह बना चुके हैं, लेकिन बावजूद इसके साल 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद रोहित को हटाकर शुभमन गिल को नया वनडे कप्तान बना दिया गया। शुभमन अभी तक 12 वनडे मैचों में भारत की कप्तानी कर चुके हैं। ऐसे में चलिए जानते हैं कि शुरुआती 12 मैचों में रोहित की कप्तानी में भारतीय टीम का प्रदर्शन कैसा रहा था।
रोहित ने जिताई थी चैंपियंस ट्रॉफी
रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत का वनडे प्रारूप में प्रदर्शन काफी धमाकेदार रहा है। उनकी कप्तानी में भारतीय टीम ने साल 2023 का वनडे वर्ल्ड कप का फाइनल खेला था, लेकिन भारत को खिताबी मैच में हार मिली थी।
इसके बाद साल 2025 में खेली गई आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत ने रोहित की कप्तानी में शानदार खेल दिखाते हुए खिताब पर कब्जा किया था। बता दें कि, भारत ने रोहित की कप्तानी में 12 साल बाद चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी, लेकिन इस टूर्नामेंट के बाद रोहित शर्मा को बीसीसीआई ने कप्तानी से हटा दिया था और शुभमन को कमान सौंप दी।
रोहित-शुभमन में कौन बेहतर वनडे कप्तान?
शुभमन गिल को एकदिवसीय प्रारूप का कप्तान बनने के बाद से टीम इंडिया उनके अंडर अभी तक 12 मैच खेल चुकी है। इस दौरान भारत ने 6 मैच जीते हैं तो इतने ही मैचों में हार मिली है। गिल की कप्तानी में भारतीय टीम का जीत प्रतिशत 50 है। वहीं, रोहित शर्मा की कप्तानी में खेले शुरुआती 12 मैचों में भारत ने 10 जीते थे तो सिर्फ दो गंवाए थे।
रोहित की कप्तानी में भारत ने श्रीलंका और न्यूजीलैंड के खिलाफ सिर्फ एक-एक मैच गंवाया था, लेकिन 10 मैचों में धमाकेदार जीत भी दर्ज की थी। हालांकि, शुभमन ने अभी अपने वनडे करियर की शुरुआत की है। ऐसे में दोनों कप्तानों के बीच तुलना करना फिलहाल ठीक नहीं होगा। बता दें कि, रोहित ने 56 ओडीआई में भारत की कमान संभाली है, जिसमें 42 जीते हैं तो सिर्फ 12 गंवाए हैं। वहीं, एक-एक मैच ड्रॉ और रद्द रहा है।
ये भी पढ़ें- दलीप ट्रॉफी में नहीं चला वैभव सूर्यवंशी का जादू, 6 गेंदों में पारी हुई खत्म, बनाए सिर्फ इतने रन
वनडे वर्ल्ड कप 2027 में होगी अग्निपरीक्षा
शुभमन गिल की कप्तानी में टीम इंडिया की असली अग्निपरीक्षा अगले साल खेले जाने वाले आईसीसी वनडे वर्ल्ड कप 2027 में होगी। यह टूर्नामेंट साउथ अफ्रीका, जिम्बाब्वे और नामीबिया की संयुक्त मेजबानी में खेला जाएगा। ऐसे में फैंस को शुभमन से न सिर्फ शानदार कप्तानी की, बल्कि बल्ले से कई उपयोगी पारियों की उम्मीद होगी।
वहीं, इस टूर्नामेंट में रोहित शर्मा खिलाड़ी खेलते नजर आ सकते हैं। ऐसे में वह अपने अनुभव से मुश्किल परिस्थितियों में कप्तान शुभमन गिल को महत्वपूर्ण सलाह देते नजर आ सकते हैं। बता दें कि, यह रोहित के इंटरनेशनल करियर का आखिरी टूर्नामेंट होगा, जिसके बाद वह संन्यास की घोषणा कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें- India vs Sri Lanka: भारत ने जीता टॉस, पहले बल्लेबाजी का किया फैसला, सारांश जैन करेंगे डेब्यू