India vs Sri Lanka Head To Head Record: 15 अगस्त 2026 भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक खास दिन बनने जा रहा है। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम अपना 600वां टेस्ट मैच खेलने मैदान पर उतरेगी। श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।
शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया इस ऐतिहासिक मुकाबले को जीत के साथ यादगार बनाना चाहेगी। भारत करीब 9 साल बाद श्रीलंका की धरती पर टेस्ट सीरीज खेलने पहुंचा है। इससे पहले 2017 में भारतीय टीम ने श्रीलंका को 3-0 से हराकर सीरीज अपने नाम की थी।
600वें टेस्ट के साथ भारत के नाम दर्ज होगा बड़ा रिकॉर्ड
गॉल में उतरते ही भारत टेस्ट क्रिकेट में 600 मुकाबले खेलने वाला दुनिया का तीसरा देश बन जाएगा। इससे पहले यह उपलब्धि सिर्फ इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया हासिल कर चुके हैं।भारत ने 1932 में टेस्ट क्रिकेट में कदम रखा था और पिछले 94 सालों के सफर में टीम ने कई ऐतिहासिक पड़ाव पार किए हैं।
भारत के टेस्ट सफर के खास पड़ाव:
- पहला टेस्ट (1932)- कप्तान: सीके नायडू
- 100वां टेस्ट (1967)- कप्तान: मंसूर अली खान पटौदी
- 200वां टेस्ट (1982)- कप्तान: सुनील गावस्कर
- 300वां टेस्ट (1996)- कप्तान: सचिन तेंदुलकर
- 400वां टेस्ट (2006)- कप्तान: राहुल द्रविड़
- 500वां टेस्ट (2016)- कप्तान: विराट कोहली
- 600वां टेस्ट (2026)- कप्तान: शुभमन गिल
श्रीलंका दौरे पर टीम इंडिया की होगी कड़ी परीक्षा
इतिहास बनाने के साथ-साथ भारत के लिए यह मुकाबला काफी अहम भी है। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 के लिहाज से टीम इंडिया को आगे बढ़ने के लिए लगातार जीत की जरूरत है।फाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए भारत को आने वाले मुकाबलों में बेहतर प्रदर्शन करना होगा। ऐसे में श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुभमन गिल की कप्तानी और टीम की रणनीति के लिए बड़ी परीक्षा साबित हो सकती है।
सचिन तेंदुलकर के नाम सबसे ज्यादा टेस्ट खेलने का रिकॉर्ड
भारत के 600वें टेस्ट सफर में कई दिग्गज खिलाड़ियों का योगदान रहा है, लेकिन सबसे बड़ा नाम सचिन तेंदुलकर का है।मास्टर ब्लास्टर ने भारत के लिए सबसे ज्यादा 200 टेस्ट मैच खेले हैं। उन्होंने 329 पारियों में 53.78 की औसत से 15,921 रन बनाए, जिसमें 51 शतक शामिल हैं।अब तक 319 खिलाड़ी भारतीय टीम के लिए टेस्ट क्रिकेट खेल चुके हैं।
भारत बनाम श्रीलंका टेस्ट रिकॉर्ड में टीम इंडिया आगे
भारत और श्रीलंका के बीच अब तक कुल 46 टेस्ट मुकाबले खेले गए हैं। इसमें भारतीय टीम का पलड़ा भारी रहा है।
- भारत की जीत: 22 मैच
- श्रीलंका की जीत: 7 मैच
- ड्रॉ: 17 मैच
श्रीलंका ने अपने सभी 7 टेस्ट मुकाबले घरेलू मैदान पर जीते हैं। हालांकि गॉल की परिस्थितियां हमेशा चुनौतीपूर्ण रही हैं और टीम इंडिया को इस बार भी कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ सकता है।
Written By: Shivashakti Narayan Singh