Commonwealth Games 2026 Medals Table: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में 1 अगस्त का दिन भारत के लिए बेहद शानदार साबित हुआ। भारतीय खिलाड़ियों ने विभिन्न स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन किया। जिसमें खिलाड़ियों ने कई पदक अपने नाम किए और देश की झोली में गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल की झड़ी लगा दी। दिन की शुरुआत ही 2 स्वर्ण पदकों के साथ हुई, जिसने पूरे भारतीय दल का मनोबल बढ़ा दिया। इसके बाद पैरा एथलेटिक्स और ट्रिपल जंप में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर पदक तालिका में भारत की स्थिति मजबूत कर दी।

प्रीति पवार और जैस्मिन लंबोरिया ने दिलाया गोल्ड

महिलाओं की बॉक्सिंग प्रतियोगिता में भारत की शुरुआत शानदार रही। 54 किलोग्राम वर्ग में प्रीति पवार ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इसके तुरंत बाद 57 किलोग्राम वर्ग में जैस्मिन लंबोरिया ने भी गोल्ड जीतकर भारत को दिन का दूसरा स्वर्ण पदक दिलाया। दोनों मुक्केबाजों ने पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल दिखाया और फाइनल मुकाबलों में अपने प्रतिद्वंद्वियों को मात देकर तिरंगा शान से लहराया।

ये भी पढ़ें: नीरज चोपड़ा ने जीत लिया दिल!सिल्वर मेडल के बाद कही ऐसी बात,हर भारतीय करेगा गर्व

पैरा एथलेटिक्स में सोमन राणा का गोल्ड पर निशाना

पैरा एथलेटिक्स की पुरुष शॉट पुट स्पर्धा में भी भारत का दबदबा देखने को मिला। सोमन राणा ने 13.40 मीटर का शानदार थ्रो करते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। इसी स्पर्धा में भारत के शुभम जुयाल ने भी शानदार प्रदर्शन किया और रजत पदक अपने नाम किया। एक ही इवेंट में भारत के दो खिलाड़ियों का पोडियम पर पहुंचना देश के लिए बड़ी उपलब्धि रही।

ट्रिपल जंप में भारत के खाते में दो और पदक

पुरुष ट्रिपल जंप स्पर्धा में भी भारतीय एथलीटों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। प्रवीन चित्रावल ने शानदार छलांग लगाते हुए सिल्वर मेडल हासिल किया, जबकि सेल्वा प्रभू ने कांस्य पदक जीतकर भारत के पदकों की संख्या में इजाफा किया। दोनों खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने एथलेटिक्स में भारत की मजबूती को फिर साबित किया।

जादूमनी सिंह को मिला रजत पदक

पुरुषों के 55 किलोग्राम बॉक्सिंग फाइनल में भारत के जादूमनी सिंह से स्वर्ण पदक की उम्मीद थी। लेकिन फाइनल मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद उन्होंने रजत पदक जीतकर भारत के पदक अभियान में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

भारत अब छठे स्थान पर, कुल 30 पदक

1 अगस्त के शानदार प्रदर्शन के बाद भारत ने पदक तालिका में लंबी छलांग लगाई है। एक दिन पहले भारत शीर्ष-10 से बाहर हो गया था, लेकिन लगातार मिले पदकों की बदौलत अब भारतीय दल छठे स्थान पर पहुंच गया है। अब तक भारत के खाते में 8 स्वर्ण, 15 रजत और 7 कांस्य पदक आ चुके हैं। इस तरह भारतीय खिलाड़ियों ने कुल 30 पदक जीत लिए हैं।

 Written By: Geeta Sharma