Eggs Thrown on Mazgaon Ganesh Idol: मुंबई के माझगांव इलाके में गणेश भक्तों पर अंडा फेंकने के मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय दानिश शेर खान को गिरफ्तार किया है। यह घटना 23 अगस्त को माझगांवचा मोरया गणपति मंडल की श्री गणेश आगमन शोभायात्रा के दौरान हुई थी। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल थे। इसी दौरान एक इमारत की ओर से अंडे फेंके गए, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति पैदा हो गई।

घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए और नारेबाजी शुरू हो गई। देखते ही देखते दो पक्षों के बीच झड़प भी हो गई। स्थिति बिगड़ने की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।

भायखला थाने में मामला दर्ज

घटना को गंभीरता से लेते हुए भायखला पुलिस थाने में गुन्हा रजि. क्र. 520/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 299 और 196 के तहत कार्रवाई शुरू की। आरोपी की तलाश के लिए पांच पुलिस जांच टीमें बनाई गईं और स्थानीय क्षेत्र के साथ-साथ अन्य संभावित ठिकानों पर भी जांच की गई। तकनीकी जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान की। इसके बाद कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दानिश शेर खान को घटना के करीब 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।

अंडों की होम डिलीवरी करता है आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि दानिश अंडों का व्यवसाय करता है और ऑनलाइन ऑर्डर लेकर इलाके में अंडों की होम डिलीवरी करता है। घटना वाले दिन भी वह रामभाऊ भोगले मार्ग स्थित एक इमारत में अंडों की डिलीवरी के लिए गया था। इसी दौरान गणेश आगमन शोभायात्रा में पटाखे चलाए जा रहे थे। पुलिस के अनुसार, पटाखों के धुएं से दानिश को परेशानी हुई। इसी बात को लेकर वह गुस्से में आ गया और कथित तौर पर उसने शोभायात्रा में शामिल गणेश भक्तों की ओर अंडे फेंक दिए।

ये भी पढ़ें: 2 रोटी खाने के बाद भी मोटापा क्यों बढ़ता है? जानिए वजह 

घटना के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा

अंडे फेंके जाने के बाद लोगों में नाराजगी बढ़ गई और मौके पर तनाव पैदा हो गया। दो पक्षों के बीच हुई झड़प के बाद पुलिस ने स्थिति को संभाला और इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कार्रवाई की। पुलिस की त्वरित जांच के चलते आरोपी को 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।