Neeraj Chopra Silver Medal: भारतीय स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। पिछले 1 साल से चोट और फिटनेस संबंधी परेशानियों से जूझ रहे नीरज ने इस उपलब्धि के साथ दमदार वापसी का संकेत दिया।
कॉमनवेल्थ गेम्स में भारतीय एथलीट ने रचा इतिहास
इस सफलता के साथ वह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में जैवलिन थ्रो में गोल्ड और सिल्वर दोनों पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए। उनके प्रदर्शन ने न केवल भारतीय खेल प्रेमियों को गर्व का अवसर दिया,बल्कि आगामी बड़े टूर्नामेंटों के लिए भी उम्मीदें बढ़ा दी हैं।
यश वीर सिंह की जमकर तारीफ
मेडल जीतने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में नीरज चोपड़ा ने कांस्य पदक विजेता यश वीर सिंह की खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि उन्हें एशियन गेम्स की यादें ताजा हो गईं, जब उन्होंने और किशोर कुमार जेना ने एक साथ पदक जीते थे। नीरज ने कहा कि यश वीर ने बेहद अहम मौके पर अपना व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और उनके साथ पोडियम साझा करना गर्व की बात रही।
'देश में जैवलिन थ्रो का भविष्य बेहद उज्ज्वल नजर आ रहा है'
उन्होंने कहा,सबसे बड़ी खुशी इस बात की है कि अगर मैं मैदान पर नहीं भी हूं या चोटिल हूं, तब भी भारत के पास अब अच्छे थ्रोअर हैं। यश वीर 85 मीटर क्लब में पहुंच चुके हैं और रोहित भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। देश में जैवलिन थ्रो का भविष्य बेहद उज्ज्वल नजर आ रहा है।
ठंडे मौसम में प्रदर्शन पर कही यह बात
नीरज ने ग्लासगो के मौसम का जिक्र करते हुए स्वीकार किया कि ठंडे वातावरण में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना उनके लिए आसान नहीं होता। उन्होंने कहा कि फाइनल में उनका केवल एक थ्रो ही उम्मीद के मुताबिक रहा,जबकि बाकी प्रयास और बेहतर हो सकते थे। उन्होंने बताया कि उन्हें गर्म मौसम में प्रतियोगिता खेलना अधिक अनुकूल लगता है। इसके बावजूद उन्होंने सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया,जिससे उनकी फिटनेस और लय में वापसी साफ दिखाई दी।
एशियन गेम्स 2026 पर अब नजर
कॉमनवेल्थ गेम्स में सिल्वर जीतने के बाद नीरज चोपड़ा अब एशियन गेम्स 2026 की तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करेंगे। उनकी वापसी भारतीय एथलेटिक्स के लिए सकारात्मक संकेत मानी जा रही है और उनसे आगामी प्रतियोगिताओं में स्वर्ण पदक की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया पर नीरज चोपड़ा और यश वीर सिंह दोनों को बधाई दी। उन्होंने नीरज की निरंतरता,संयम और जज्बे की सराहना की। साथ ही करते हुए कहा कि उनकी उपलब्धि हर भारतीय के लिए गर्व का विषय है।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी के सामने शॉर्ट बॉल की चुनौती, सबा करीम ने बताया लंबी पारी खेलने का फॉर्मूला
वहीं,यश वीर सिंह की तारीफ करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका शानदार प्रदर्शन देश के युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगा और भविष्य में उनसे और बड़ी सफलताओं की उम्मीद है।
Written By: Geeta Sharma