Delhi H1N1 Cases: दिल्ली में H1N1 इन्फ्लूएंजा के बढ़ते मामलों को देखते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इमरजेंसी रिव्यू मीटिंग बुलाई है। स्वास्थ्य मंत्री पंकज सिंह ने बताया कि दिल्ली में इस साल अब तक इन्फ्लूएंजा के करीब 3,000 मामले सामने आए हैं। इनमें 2,308 मामले H1N1 संक्रमण के हैं, जबकि करीब 600-650 मामले इन्फ्लूएंजा के दूसरे वैरिएंट से जुड़े हैं।

स्वास्थ्य मंत्री ने स्वास्थ्य विभाग, MCD, NDMC और दिल्ली कैंटोनमेंट बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक के बाद कहा कि स्थिति नियंत्रण में है। उन्होंने लोगों से घबराने की अपील नहीं की और कहा कि अस्पतालों में पर्याप्त बेड, डॉक्टर और दवाइयां उपलब्ध हैं।

डेंगू के भी 2,200 मामले
बैठक में H1N1 के साथ-साथ डेंगू और अन्य वेक्टर जनित बीमारियों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। स्वास्थ्य मंत्री के मुताबिक, ताजा रिपोर्ट तक दिल्ली में डेंगू के करीब 2,200 मामले सामने आए हैं। उन्होंने दावा किया कि H1N1 या डेंगू से अब तक कोई मौत नहीं हुई है और कोई मरीज गंभीर हालत में ICU या वेंटिलेटर पर नहीं है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर मरीज सामान्य बुखार जैसे लक्षणों के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं, जहां इलाज के बाद उन्हें ठीक होने पर डिस्चार्ज किया जा रहा है।

अस्पतालों में पर्याप्त इंतजाम
पंकज सिंह ने कहा कि दिल्ली के अस्पतालों में डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों और दवाइयों की कोई कमी नहीं है। जरूरत के मुताबिक व्यवस्थाओं की लगातार समीक्षा की जा रही है, ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की इमरजेंसी बैठक का उद्देश्य H1N1, मौसमी इन्फ्लूएंजा और वेक्टर जनित बीमारियों से निपटने के लिए दिल्ली की तैयारियों का जायजा लेना था।

क्या है H1N1 वायरस?
H1N1 को आम तौर पर स्वाइन फ्लू के नाम से जाना जाता है। यह इन्फ्लूएंजा वायरस का एक प्रकार है। इसके सामान्य लक्षणों में बुखार, खांसी, गले में खराश, सिरदर्द, शरीर में दर्द और थकान शामिल हो सकते हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, अगर किसी व्यक्ति को लगातार तेज बुखार, सांस लेने में परेशानी या सीने में दर्द जैसे गंभीर लक्षण दिखाई दें, तो उसे तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेनी चाहिए। स्वास्थ्य विभाग का जोर है कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है और फिलहाल लोगों को घबराने के बजाय सावधानी बरतनी चाहिए। 

 

और पढ़ें: राखी पर भाई-बहनों की राह होगी आसान! नमो भारत की बढ़ेगी रफ्तार, रोज चलेंगी 47 अतिरिक्त ट्रिप्स