Hardik Pandya: भारतीय टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में मुंबई इंडियंस के लिए खेलते नजर आए थे। हार्दिक एमआई के कप्तान थे, लेकिन टीम अंक तालिका में 9वें स्थान पर रही थी।

मुंबई इंडियंस 14 में सिर्फ 4 मैच जीतने में सफल रही थी तो 10 में हार का सामना करना पड़ा था। टीम के इस प्रदर्शन के बाद खबरें आने लगी हैं कि हार्दिक टीम का साथ छोड़ सकता है। उनको लेने के लिए केकेआर, सीएसके और आरआर दिलचस्पी दिखा रही हैं, लेकिन हार्दिक के ट्रेड से पहले उनके आंकड़ों पर एक नजर डालते हैं।

2015 में किया था IPL डेब्यू

हार्दिक पंड्या ने अपने आईपीएल करियर की शुरुआत साल 2015 में मुंबई इंडियंस की ओर से रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ की थी। इसके बाद हार्दिक काफी लंबे समय तक एमआई खेमे का हिस्सा रहे थे।

मुंबई के लिए शानदार प्रदर्शन के बाद साल 2022 में हार्दिक पंड्या गुजरात टाइटंस में चले गए थे और उनके लिए बतौर कप्तान दो सीजन में धमाकेदार प्रदर्शन किया, लेकिन 2024 में मुंबई ने ट्रेड के जरिए अपने बेहतरीन ऑलराउंडर को वापस पा लिया।

बल्ले-गेंद से हार्दिक का धमाल

हार्दिक पंड्या को उनकी गेंदबाजी और मिडिल ऑडर में आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाना जाता है। हार्दिक न सिर्फ गेंदबाजी में पूरे चार ओवर का स्पेल देते हैं, बल्कि 5वें या छठे नंबर पर आकर आक्रामक पारी खेल सकते हैं।

हार्दिक ने आईपीएल इतिहास में अभी तक कुल 162 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 27.87 की औसत और 146.28 के तूफानी स्ट्राइक रेट के साथ 2,955 रन बनाए हैं। वहीं, गेंदबाजी में हार्दिक 116 पारियों में 82 विकेट ले चुके हैं, जिसमें एक फाइव विकेट हॉल भी शामिल है।

ये भी पढ़ें- एक-दो नहीं, तीन टीमें दिखा रही हैं हार्दिक पंड्या में दिलचस्पी! जाते ही मिल सकती कप्तानी

कप्तानी में हार्दिक के शानदार आंकड़े

मुंबई इंडियंस से जाने के बाद हार्दिक को गुजरात टाइटंस का कप्तान बनाया गया था। गुजरात का आईपीएल में यह पहला सीजन था तो हार्दिक भी पहली बार फुल टाइम कप्तान की भूमिका निभा रहे थे और पहले ही सीजन में उन्होंने अपनी टीम को चैंपियन बना दिया। इसके बाद 2023 में जीटी एक बार फिर खिताबी मैच खेलने उतरी, लेकिन चेन्नई से रोमांचक मैच में हार गई।

हार्दिक ने आईपीएल में मुंबई और गुजरात की मिलकर कुल 70 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें 37 उन्होंने जीते हैं तो 33 मैच कप्तान के तौर पर गंवाए हैं। हालांकि, गुजरात के साथ जीटी ने 31 मैच खेले हैं, जिसमें 22 जीते हैं तो सिर्फ 9 गंवाए हैं।

ये भी पढ़ें- एशिया कप 2026 से पहले पाकिस्तान क्रिकेट टीम की सीक्रेट ट्रेनिंग, 5 सितंबर को भारत से होगी भिड़ंत