Raksha Bandhan 2026: रक्षाबंधन के त्योहार पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर अतिरिक्त ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। 27 और 28 अगस्त 2026 को यात्रियों की सुविधा के लिए रोजाना 47 अतिरिक्त नमो भारत ट्रेन ट्रिप्स संचालित की जाएंगी।

अतिरिक्त सेवाओं के बाद पूरे दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर पर ट्रेनें करीब हर 8 मिनट में उपलब्ध होंगी। ये अतिरिक्त ट्रिप्स सराय काले खां से मोदीपुरम स्टेशन के बीच पूरे कॉरिडोर पर संचालित की जाएंगी।

राखी पर बहनों की यात्रा होगी आसान
रक्षाबंधन के मौके पर बड़ी संख्या में महिलाएं अपने भाइयों और परिवार के सदस्यों से मिलने के लिए दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच यात्रा करती हैं। ऐसे में नमो भारत की बढ़ी हुई फ्रीक्वेंसी से यात्रियों को ट्रेन के लिए कम इंतजार करना पड़ेगा और सफर अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।

परिवार के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों, बच्चों और बुजुर्गों के अलावा भारी सामान लेकर सफर करने वालों को भी अतिरिक्त ट्रिप्स का फायदा मिलेगा। 28 अगस्त को शुक्रवार होने के कारण कई लोगों के लिए यह लंबा वीकेंड भी बन सकता है, जिससे कॉरिडोर पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

सड़क जाम से भी मिलेगी राहत
त्योहारों के दौरान निजी वाहनों की संख्या बढ़ने से दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ के बीच प्रमुख सड़कों और हाईवे पर ट्रैफिक का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में नमो भारत यात्रियों को तेज और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन का विकल्प उपलब्ध कराएगी।

NCRTC के मुताबिक, अतिरिक्त ट्रिप्स से यात्रियों का प्रतीक्षा समय कम होगा और ट्रेन में सीट मिलने की संभावना भी बढ़ेगी। जरूरत पड़ने पर यात्रियों की मांग के अनुसार ट्रेन की फ्रीक्वेंसी को और बढ़ाया जा सकता है। रक्षाबंधन जैसे बड़े त्योहार पर नमो भारत की अतिरिक्त सेवाओं का उद्देश्य यात्रियों को सुगम और आरामदायक सफर उपलब्ध कराने के साथ-साथ निजी वाहनों का दबाव कम करना भी है। 

और पढ़ें: नमो भारत से बदल जाएगी लखनऊ-कानपुर की कनेक्टिविटी! 67 KM के रूट में उन्नाव को मिलेगा सबसे बड़ा हिस्सा