India Predicted Playing XI: भारत और श्रीलंका के बीच टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला कोलंबो के सिंहली स्पोर्ट्स क्लब (SSC) ग्राउंड पर खेला जाएगा। शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम इंडिया ने पहले टेस्ट में धमाकेदार जीत दर्ज की थी। उन्होंने मेजबानों को 165 रन से हराया था तो दूसरे टेस्ट को जीतकर वह श्रीलंका का सूपड़ा साफ करना चाहेंगे।

वहीं, दूसरे टेस्ट में कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल प्लेइंग इलेवन में एक बड़ा बदलाव भी कर सकते हैं तो एक खिलाड़ी का डेब्यू हो सकता है। चलिए आपको बताते हैं कि दूसरे टेस्ट में क्या हो सकती है भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन।

कुलदीप का कट सकता है पत्ता

गॉल टेस्ट में भारतीय कप्तान शुभमन गिल और मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बाएं हाथ के चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव को मौका दिया था, लेकिन वह अपनी छाप छोड़ने में असफल रहे थे।

कुलदीप ने पहली पारी में केवल 1 विकेट लिया था, जबकि इस दौरान उनका इकॉनमी रेट 4.64 का था। वहीं, दूसरी पारी में कुलदीप के हाथ कोई सफलता नहीं लगी थी।

ऐसे में इन खिलाड़ी को बाहर करके टीम प्रबंधन ऑफ स्पिन ऑलराउंडर सारांश जैन को चांस दे सकते हैं। सारांश के आने से टीम के पास प्लेइंग इलेवन में एक अनुभवी ऑफ स्पिन का विकल्प मौजूद रहेगा, जिसका इस्तेमाल वह बाएं हाथ के बल्लेबाजों के खिलाफ कर सकते हैं।

सरफराज का खेलना मुश्किल!

दूसरे टेस्ट में टीम मैनेजमेंट सारांश जैन के अलावा अन्य कोई भी बदलाव करने से बचना चाहेगा। ऐसे में सरफराज खान को भी मौका मिलना मुश्किल है। दरअसल, पहले टेस्ट में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया था और उसको देखने के बाद कोई भी बदलाव फिलहाल मुश्किल है।

सलामी बल्लेबाज के तौर पर केएल और यशस्वी फिक्स हैं तो नंबर तीन पर देवदत्त को मौका मिलेगा, जिन्होंने पहले टेस्ट की पहली पारी में शतक और दूसरी पारी में 44 रन बनाए थे।

चौथे नंबर पर कप्तान शुभमन गिल बैटिंग करते दिख सकते हैं तो पांचवें पर विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत को भेजा जा सकता है। पंत ने दूसरी पारी में महत्वपूर्ण अर्धशतक ठोका था। वहीं, छठे स्थान पर ध्रुव जुरेल बैटिंग के लिए आ सकते हैं।

गेंदबाजी भी मजबूत

बल्लेबाजी के अलावा भारत की गेंदबाजी भी काफी मजबूत नजर आ रही है। पहले टेस्ट में भारतीय गेंदबाजों ने श्रीलंका के 20 विकेट चटकाए थे, जिसमें मानव सुथार का काफी अहम योगदान रहा था। उन्होंने पहली पारी में 4 और दूसरी में 6 विकेट हासिल किए थे।

वहीं, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध ने भी अपनी गेंदबाजी से काफी प्रभावित किया था। वहीं, रवींद्र जडेजा ने भी मैच में चार विकेट अपने खाते में डाले थे। यही वजह है कि दूसरे टेस्ट में टीम मैनेजमेंट इन खिलाड़ियों को प्लेइंग इलेवन से बाहर नहीं करना चाहेगी। हालांकि, कुलदीप के स्थान पर सारांश जैन के आने का चांस अधिक है।

भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन दूसरे टेस्ट के लिए

यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उप कप्तान), देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ध्रुव जुरेल, रवींद्र जडेजा, सारांश जैन, मानव सुथार, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज।

ये भी पढ़ें- भारत-श्रीलंका टेस्ट से पहले स्क्वाड में बड़ा बदलाव, तीन खिलाड़ियों को किया बाहर