IND vs SL: भारत और श्रीलंका के बीच आईसीसी विश्व चैंपियनशिप 2025-27 के तहत दो टेस्ट मैच की सीरीज खेली जा रही है। श्रृंखला का पहला मुकाबला इस समय गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है, जिसमें भारतीय टीम के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। हालांकि, मैच के पहले दिन रुक-रुककर बारिश हो रही है, जिसके कारण बार-बार मैच को रोकना पड़ रहा है। ऐसे में अगर ये टेस्ट मैच बारिश के कारण ड्रॉ पर समाप्त होता है, तो यकीनन टीम इंडिया की मुश्किलें डब्ल्यूटीसी 2025-27 के फाइनल में पहुंचे की बढ़ सकती हैं। चलिए आपको समझाते हैं क्या है पूरा समीकरण।

बारिश बन सकता है विलेन

पहले टेस्ट के पहले दिन बारिश के कारण कई बार मैच को रोकना पड़ा है। हालांकि, कुछ समय बाद ही मैच को दोबारा शुरू कर दिया गया था। लेकिन ये समस्या पूरे मैच के दौरान बनी रह सकती है। दरअसल, मैच के पूरे पांच दिन गॉल में बारिश होने की संभावना है। ऐसे में मैच को बार-बार रोकना पड़ सकता है। ऐसे में अगर मैच ड्रॉ पर समाप्त होता है तो फिर ये टीम इंडिया के लिए अच्छे संकेत नहीं होंगे। आपको बता दें कि, श्रृंखला का दूसरा मुकाबला कोलबों में खेला जाएगा, जहां का मौसम भी गॉल की तरह ही रहने वाला है। ऐसे में दोनों मैच ड्रॉ होते हैं तो भारत की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।

6 से 7 मैच जीतना होगा- शुभमन गिल

हालांकि, गॉल टेस्ट शुरू होने से एक दिन पहले भारतीय टीम के युवा कप्तान शुभमन गिल ने पत्रकार वार्ता में कहा था कि उनकी टीम को आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के फाइनल में पहुंचने के लिए 6 से 7 मैच जीतना होगा। लेकिन चुनौती ये है कि इस सीरीज के बाद उनकी अगली भिड़ंत न्यूजीलैंड से न्यूजीलैंड में होगी, जहां पर भारत 2009 के बाद से कोई मैच टेस्ट मैच नहीं जीता है। इसके बाद साल 2027 की शुरुआत में ऑस्ट्रेलियाई टीम पांच टेस्ट मैच के लिए भारत का दौरा करेगी, जिनके खिलाफ सभी पांच मैच जीतना काफी मुश्किल हो सकता है। ऐसे में भारतीय टीम कतई नहीं चाहेगी कि श्रीलंका के खिलाफ एक भी टेस्ट मैच बारिश के कारण ड्रॉ हो।

फाइनल की राह हो सकती है कठिन

आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 के तहत भारत ने अभी तक 9 टेस्ट मैच खेले हैं। इस दौरान टीम इंडिया ने 4 मैचों में जीत मिली है तो इतने ही मैच उन्होंने गंवाए हैं। वहीं, एक मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ है। यही वजह है कि टीम इंडिया फिलहाल 48.15 जीत प्रतिशत के साथ पांचवें स्थान पर मौजूद है। ऐसे में भारत को अगर शीर्ष दो स्थान में फिनिश करना है तो अपने बाकी बचे सभी मैचों में जीतना बेहद जरूरी है।

ये भी पढ़ें- बांग्लादेश के खिलाफ जोश हेजलवुड ने रचा इतिहास, ये कारनामा करने वाले बने सिर्फ 9वें ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाज

Written By Aman Sharma