IND vs SL Test: भारतीय टीम ने श्रीलंका को गॉल टेस्ट में 165 रन से हरा दिया है। दो टेस्ट मैच की सीरीज के पहले मुकाबले में भारत के कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। पहले बैटिंग करने उतरी भारत ने देवदत्त पडिक्कल के शानदार शतक की मदद से पहली पारी में 462 रन स्कोर बोर्ड पर लगाए थे, जिसके जवाब में श्रीलंका की पहली पारी सिर्फ 284 रन पर सिमट गई। भारत ने पहली पारी में 178 रन की मजबूत बढ़त बनाई और चौथे दिन 193 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। श्रीलंका को जीत के लिए 372 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन उनकी दूसरी पारी 206 रन पर सिमट गई और भारत ने दो टेस्ट मैच की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है।

गॉल टेस्ट में युवाओं का जलवा

गॉल टेस्ट की पहली पारी में भारत की ओर से देवदत्त पडिक्कल ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 230 गेंदों पर 167 रन बनाए थे। पडिक्कल की पारी में 15 चौके और एक छक्का शामिल था। पडिक्कल की यह पारी उस समय आई थी, जब भारत ने अपना पहला विकेट सिर्फ 47 के स्कोर पर गंवा दिया था। यहां से पडिक्कल ने मोर्चा संभाला और भारत को पहली पारी में 462 रन पहुंचा दिया।

पहली पारी के अलावा दूसरी पारी में पडिक्कल ने 75 गेंदों पर 44 रन बनाए थे। वहीं, गेंदबाजी में मानव सुथार ने पहली पारी में चार श्रीलंकाई बल्लेबाजों को चलता किया तो दूसरी पारी में 6 विकेट निकालकर एक शानदार जीत भारत की झोली में डाल दी। सुथार ने मैच में 10 विकेट अपने नाम किए। यह मैच इन दोनों भारतीय युवाओं के नाम रहा।

भारत-श्रीलंका की पहली पारी

भारतीय कप्तान शुभमन गिल का टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला सही साबित हुआ। बारिश से प्रभावित मुकाबले में टीम इंडिया ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पहली पारी में 462 रन स्कोर पर बोर्ड पर लगा दिए। भारत की ओर से पहली पारी में जहां देवदत्त पडिक्कल ने 167 रन की शतकीय पारी खेली तो केएल राहुल ने 82 और ध्रुव जुरेल ने 51 रन बनाए। वहीं, श्रीलंका की ओर से पहली पारी में प्रभात जयसूर्या ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके।

भारत के बाद श्रीलंका की पहली पारी केवल 284 रन पर सिमट गई। सोनल दिनुशा ने करियर का पहला शतक लगाया तो निरोशन डिकवेला ने 80 रन की पारी खेली। इनके अलावा कोई भी श्रीलंकाई बल्लेबाज 30 का आंकड़ा तक पार नहीं कर पाया। भारत की ओर से पहली पारी में मानव सुथार ने सर्वाधिक 4 विकेट झटके।

दूसरी पारी में गेंदबाजों के नाम

भारत ने श्रीलंका के खिलाफ पहली पारी के आधार पर 178 रन की मजबूत बढ़त हासिल कर ली थी। ऐसे में टीम इंडिया ने दूसरी पारी में तेजी से रन बनाने शुरू किए, लेकिन वह लगातार अपने विकेट गंवाती जा रही थी। एक समय भारत के लिए 150 का आंकड़ा भी पार करना मुश्किल था, लेकिन ऋषभ पंत की 69 गेंदों पर 66 रन की पारी ने भारत को 193 रन तक पहुंचा था। श्रीलंका की ओर से दूसरी पारी में असिथा फर्नांडो ने सर्वाधिक 4 विकेट चटकाए।

वहीं, 372 रन का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम 206 रन पर सिमट गई। दूसरी पारी में कप्तान धनंजय डि सिल्वा ने 59 रन बनाए तो पहली पारी के शतकवीर सोनल दिनुशा ने दूसरी इनिंग में 84 रन की बेमिसाल पारी खेली। गेंदबाजी में मानव सुथार ने सर्वाधिक 6 विकेट झटके। यह मानव के करियर का सिर्फ दूसरा टेस्ट मैच है।

ये भी पढ़ें- रवींद्र जडेजा की एक गलती टीम इंडिया पर पड़ रही है भारी! कप्तान-कोच भी खिलाड़ी से परेशान!

Written By Aman Sharma