WTC Points Table Update: पाकिस्तान क्रिकेट टीम तीन मैच की टेस्ट सीरीज खेलने के लिए इंग्लैंड में है, जहां पहला टेस्ट मैच लीड्स के हेंडिंग्स स्टेडियम में खेला गया था। मैच में मेहमान टीम को पारी और 103 रन की शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय किया था और पाकिस्तान की पहली पारी को सिर्फ 171 रन पर समेट दिया।
इसके बाद इंग्लैंड ने पहली इनिंग में 409 रन बनाए तो पाकिस्तान की दूसरी पारी सिर्फ 135 रन पर ढेर हो गई थी। चलिए आपको बताते हैं कि इस मैच के बाद आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में क्या बदलाव आया है।
पाकिस्तान की हार ने बढ़ाई मुश्किलें
इंग्लैंड के खिलाफ पहला मुकाबला गंवाने के बाद पाकिस्तान की टीम आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की अंक तालिका में निचले स्थान पर पहुंच गई है। पाक ने मौजूदा चक्र में 7 मैच खेले हैं, जिसमें केवल 2 जीते हैं तो 5 में हार का सामना करना पड़ा है।
पाकिस्तान का जीत प्रतिशत 19.05 का है, जो कि 9 टीमों में सबसे बेकार है। बता दें कि, इस मैच के शुरू होने से पहले पाकिस्तान अंक तालिका में 7वें स्थान पर काबिज थी।
शीर्ष 4 में ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड
आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की ताजा अंक तालिका में ऑस्ट्रेलिया पहले स्थान पर मौजूद है। कंगारुओं ने 9 मैच खेले हैं, जिसमें 7 जीते हैं तो 2 में हार मिली है। उनका जीत प्रतिशत 77.78 है। लिस्ट में दूसरे स्थान पर गत चैंपियन साउथ अफ्रीका है।
उन्होंने 4 मैच खेले हैं, जिसमें 3 जीते हैं तो 1 मैच गंवाया है। प्रोटियाज का जीत प्रतिशत 75 है। अंक तालिका में तीसरे स्थान पर न्यूजीलैंड है। उन्होंने 6 में 4 जीते हैं तो 1 मैच गंवाया है। कीवियों का जीत प्रतिशत 72.22 है। इसके बाद चौथे नंबर पर बांग्लादेश काबिज है। बांग्लादेशियों ने 5 मैच जीते हैं तो 3 गंवाए हैं। उनका जीत प्रतिशत 66.67 का है।
ये भी पढ़ें- जेम्स एंडरसन से आगे निकले मिचेल स्टार्क, बांग्लादेश के खिलाफ स्थापित किया बड़ा कीर्तिमान
भारत-इंग्लैंड का ताजा हाल
श्रीलंका के खिलाफ पहला टेस्ट जीतने के बावजूद टीम इंडिया आईसीसी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की ताजा अंक तालिका में पांचवें स्थान पर मौजूद है। भारत ने 10 मैच खेले हैं, जिसमें 5 जीते हैं तो 4 हारे हैं। वहीं, एक मैच ड्रॉ रहा था। भारत का जीत प्रतिशत फिलहाल 53.33 का है। इसके बाद छठे नंबर पर श्रीलंका है, जिनका विनिंग परसेंटेज 33.33 है।
वहीं, इंग्लैंड की टीम पाकिस्तान को हराने के बाद अंक तालिका में 7वें नंबर पर पहुंच गई है। इंग्लैंड का विनिंग प्रतिशत 29.76 का है। जबकि वेस्टइंडीज अब 20.83 के विनिंग परसेंटेज के बाद 8वें नंबर पर पहुंच गई है। पहले वेस्टइंडीज अंक तालिका में 9वें स्थान पर थी, लेकिन इंग्लैंड की जीत का उनको भी फायदा हुआ है।
ये भी पढ़ें- स्कोरकार्ड है या फिर मोबाइल नंबर? ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ चारों खाने चित हुई बांग्लादेश, स्टार्क ने झटके 6 विकेट