Faridabad News: हरियाणा के फरीदाबाद से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां पर 42 वर्षीय व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी और कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों ने कथित तौर पर साजिश रचकर श्यामवीर की हत्या की और शव को घर के पास एक गड्ढे में दफना दिया। पुलिस ने दोनों को वारदात के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार करने का दावा किया है।

पत्नी के कथित प्रेम संबंध का पता चला था
फरीदाबाद पुलिस के एसीपी क्राइम अमन यादव ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि कामत मोजाबाद गांव स्थित श्यामवीर के घर में ही रहता था। पुलिस का आरोप है कि इसी दौरान कामत और श्यामवीर की पत्नी केशव के बीच कथित प्रेम संबंध बन गए। पुलिस के अनुसार, श्यामवीर को दोनों के रिश्ते के बारे में पता चल गया था। इसके बाद वह शराब पीने के बाद पत्नी से अक्सर झगड़ा करता था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते केशव और कामत ने श्यामवीर को रास्ते से हटाने की साजिश रची।

शराब पिलाकर सिर पर मारी इंटरलॉकिंग टाइल
पुलिस के मुताबिक, 16 अगस्त की शाम कामत ने कथित तौर पर श्यामवीर को शराब पिलाई। जब वह नशे में हो गया तो कामत ने उसके सिर पर इंटरलॉकिंग टाइल से हमला कर दिया। हमले में श्यामवीर की मौत हो गई। आरोप है कि इस दौरान केशव ने घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। इसके बाद दोनों ने कथित तौर पर श्यामवीर के शव को घर के पास बने एक गड्ढे में दफना दिया और ऊपर से मिट्टी डाल दी।

24 अगस्त को मिली शव दफन होने की सूचना
पुलिस के मुताबिक, 24 अगस्त को तिगांव थाना पुलिस को फरीदाबाद कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि एक व्यक्ति का शव जमीन में दबा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में गड्ढा खोदकर शव को बाहर निकाला गया। इसके बाद मामले की जांच शुरू की गई। मृतक के भाई रामवीर हाथरस जिले के धड़ाऊ गांव के निवासी हैं, जिसकी शिकायत के आधार पर हत्या से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों को बुधवार को अदालत में पेश किया जाएगा। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच कर रही है। 

और पढ़ें: दिल्ली में बढ़ा H1N1 का कहर? 2,308 केस सामने आने के बाद CM रेखा गुप्ता ने बुलाई आपात बैठक